
Kamleshwar Dodiyar - एमपी के रतलाम में बुधवार को तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सैलाना के विधायक कमलेश्वर डोडियार Kamleshwar Dodiyar द्वारा अपने साथियों के साथ कलेक्टोरेट आने के पहले पुलिस और जिला प्रशासन ने शहर के चारों तरफ नाकाबंदी कर दी। विधायक पर लगे गंभीर आरोपों के कारण जिले की राजनीति गरमा गई है। रतलाम के शिवगढ, बाजना और सैलाना के डंपर तथा ट्रैक्टर मालिकों ने सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार पर पद के दुरुपयोग और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं। एसडीएम तरुण जैन को ज्ञापन सौंपते हुए विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई कर आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध करने की मांग की थी। इधर दूसरी तरफ विधायक डोडियार का कहना है कि डंपर चालक अवैध खनन कर रहे है। इन पर कार्रवाई जरुरी है। जब प्रशासन कार्रवाई नहीं करता है तो वे स्वयं जाकर पकड़ रहे है, इसलिए ही हड़कंप है।
डंपर तथा ट्रैक्टर मालिकों द्वारा कलेक्टोरेट में दिए ज्ञापन में बताया गया कि विधायक उनके वाहनों को रोककर प्रति वाहन 50000 की अवैध राशि की मांग कर रहे हैं। राशि न देने पर झूठे मामले दर्ज कराने की धमकी भी दी जा रही है।
मालिकों के अनुसार, उनका एक मात्र व्यवसाय बिल्डिंग मटेरियल की आपूर्ति का है, जो इस अवैध वसूली और उत्पीडऩ से बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने तत्काल निष्पक्ष जांच और उचित कार्यवाही की मांग की है। ज्ञापन के दौरान विशाल टांक, गोपालसिंह , जितेन्द्र टांक, विकास, विजय सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
विधायक कमलेश डोडियार पर लगे आरोपों से रतलाम जिले के खनन और परिवहन क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। विधायक ने आरोपों पर कहा कि कई लोग अवैध खनन कर रहे, इन पर कार्रवाई जरुरी है।
सैलाना विधायक कमलेश डोडियार अपने समर्थकों के साथ रतलाम जिला मुख्यालय आ रहे हैं। इसे देखते हुए शहर में भी जबर्दस्त नाकाबंदी की गई है। मेडिकल कॉलेज के बायपास पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जबर्दस्त बैरीकेडिंग भी की गई है।
विधायक अपनी भारत आदिवासी पार्टी के तत्वावधान में जन आक्रोश रैली निकाल रहे हैं। रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे हैं।