
Ratlam News :मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम करमदी में करीब 45 साल से रह रहे करीब 150 परिवारों पर विस्थापन का संकट खड़ा हो गया है। राजस्थान गाड़िया लोहारा प्रांतीय सेना संस्थान की ओर से कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परिवारों को मानवीय एवं विधिसम्मत संरक्षण देने की मांग की गई है।
कलेक्टर को दिए ज्ञापन के जरिए प्रभावित परिवारों ने बताया कि, ग्राम करमदी, तहसील और जिला रतलाम स्थित सर्वे क्रमांक 545/1, 545/6 एवं 545/8 की भूमि पर गाड़िया लोहारा समाज समेत अन्य समाजों के परिवार करीब 45 साल से लगातार निवास करते आ रहे हैं। मौजूदा समय में यहां लगभग 150 परिवार रह रहे हैं और यही स्थान उनके आवास का प्रमुख एवं स्थायी साधन बना हुआ है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि, मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड (MPIDC) के क्षेत्रीय कार्यालय उज्जैन द्वारा 24 सितंबर 2026 को उक्त भूमि से अतिक्रमण हटाने के संबंध में नोटिस जारी किया गया है। संस्था ने परिवारों की स्थिति को देखते हुए कार्रवाई से पूर्व मानवीय दृष्टिकोण अपनाने और उचित संरक्षण देने की मांग की है।
नायब तहसीलदार को सौंपे गए इस ज्ञापन में उनकी समस्या का निराकरण करने की मांग करते हुए बताया कि, बिजली के बिल अधिक आ रहे हैं। पानी की व्यवस्था भी नहीं है। ऊपर से ये नोटिस मिल गए हैं तो अब हम सब लोग जाएंगे कहा। इस दौरान समाज के लोगों के साथ सरपंच प्रतिनिधि राजेश पुरोहित भी मौकै पर मौजूद रहे।