रतलाम

दस करोड़ के राशन घोटाले में कोई नहीं गिरफ्तार

- जांच के नाम पर दस्तावेज जुटाने तक ही सिमित रही पुलिस, छह दिन बीते कोई नहीं आया हाथ
2 min read
• •
Updated: 20 Jan 2018, 11:18 AM IST
patrika

रतलाम। शहर में हुए दस करोड़ के राशन घोटाले में छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। पुलिस की माने तो वह प्रशासन द्वारा दिए गए दस्तावेजों की जांच करने के साथ ही प्रारंभिक तौर पर जांच अधिकारियों के बयान ले रही है। साथ ही उनसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली और समग्र आईडी की पूरी प्रक्रिया को समझने में लगी है।

वहीं दूसरी और पुलिस ने जिन आठ दुकानों में हुए भ्रष्टाचार की रिपोर्ट दर्ज की है, उनके संचालक व विक्रेताओं के नामों की सूची भी उसे अब तक नहीं मिली है। वहीं खाद्य एवं जिला आपूर्ति विभाग में पदस्थ घोटालेबाज अधिकारियों का भी अब तक कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस दो बार उनके दफ्तर होकर आ चुकी है, लेकिन भूमिगत हुए अधिकारियों के बारे में कुछ खास जानकारी हासिल नहीं कर सकी है।

ठेकेदार भी गायब
पुलिस उक्त प्रकरण में पूछताछ के लिए अब तक ठेकेदार तक भी नहीं पहुंच सकी है, जबकि इस पूरे घोटाले को अंजाम दिए जाने में उसकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही है। समग्र पोर्टल के ठेकेदार ने ही राशन दुकान संचालकों से मिलकर फर्जी तरह से राशनकार्ड में नाम जोड़े जाने ने का काम किया था। उसके बाद अधिकारियों ने आंख बंद करके पात्र पर्चियां जारी कर इस पूरे घोटाले को अंजाम दिया है।

नहीं लगे सीसीटीवी कैमरे
राशन घोटाला उजागर होने के बाद तत्कालीन कलेक्टर ने सभी राशन दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के निर्देश जारी किए थे, जिस पर सभी दुकान संचालकों ने हां तो करी थी, लेकिन कुछ दुकानों को छोड़ अन्य पर अब तक यह नहीं लगे है। इस व्यवस्था को लागू करने के पीछे कारण राशन लेने के लिए आने वाले हर शख्स का चेहरा उसमें आ सके, जिससे कि जांच के दौरान उससे भी पूछताछ की जा सके।

तौल कांटों में भी मनमानी का आरोप
राशन घोटाला उजागर होने के बाद शहर में रहने वाले तफज्जुल बोहरा ने राशन दुकानों पर लगे इलेक्ट्रानिक तौल कांटों की खरीद में मनमानी का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में कलेक्टर को एक पत्र लिखा है, जिसमें यहां लगे तौल कांटों को बाजार से अधिक मूल्य पर खरीदें जाने की बात कही है। साथ ही इन तौल कांटों में तौल के दौरान वजन में भी झौल होने का आरोप लगाया है।

Published on: