रतलाम

सिरफिरे युवक ने घर में खुद को बंद कर लगाई आग, आग की चपेट में आया सिलेंडर फटने से गिरी घर की दीवारें

अच्छी बात ये रही कि, पत्नी और बच्चे घर से बाहर हो गए थे। घर में आग लगाकर सिरफिरा युवक टायलेट में जाकर छिप गया था।
2 min read
News
सिरफिरे युवक ने घर में खुद को बंद कर लगाई आग, आग की चपेट में आया सिलेंडर फटने से गिरी घर की दीवारें

रतलाम/ मध्य प्रदेश के रतलाम शहर के औद्योगिक क्षेत्र के टैंकर रोड स्थित कृष्ण विहार कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में धुत एक सिरफिरे युवक ने अपने ही घर में खुद को बंद करके घर में आग लगा दी और खुद जाकर घर के टायलेट में छुप गया। हद तो ये थी कि, घर में आग लगाने से पहले सिरफिरे ने घर के सिलेंडर का रेग्युलेटर भी चालू कर दिया था। इससे हुए गैस के रिसाव से आग और भी तेजी से फैली, जिसकी चपेट में आकर सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटने से इतना जोरदार धमाका हुआ कि, घर की छप्पर तक उड़ गई। साथ ही, दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। फिलहाल, सिरफिरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।



देखें खबर से संबंधित वीडियो...

आए दिन पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता है युवक- आरोपी

औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाने के सब इंस्पेक्टर जितेंद्र कनेशन के अनुसार, कृष्णा विहार कालोनी में रहने वाला आरोपी उत्तम यादव शुक्रवार को शराब के नशे में पत्नी वर्षा यादव ओर बच्चों के साथ मारपीट करने लगा। वो अकसर पत्नी और बच्चों के साथ शराब के नशे में मारपीट करता रहता था। शुक्रवार को भी उसने मारपीट करने के दौरान पत्नी को धमकी दी थी कि, वो उन्हें घर में बंद करके सिलेंडर में आग लगा देगा। इससे डरी पत्नी अपने बच्चों को लेकर बाहर निकल गई। उसने पड़ोसियों की मदद से शहर में ही रहने वाले अपने भाई को फोन लगाकर बुलाया। इसपर सिरफिरे उत्तम को लगा कि, ये लोग मिलकर उसकी पिटाई करेंगे तो उसने दरवाजा अंदर से बंद करके सिलेंडर का रेग्युलेटर खोलकर घर में आग लगा दी।


पूरी तरह तहस नहस हो गया मकान

इसके बाद वह खुद टायलेट के अंदर बंद हो गया। देखते ही देखते आग फैली और फिर सिलेंडर फट गया। इससे मकान की पतरे की छप्पर गिर गई। पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया और आरोपी को टायलेट से निकालकर थाने ले जाया गया। शराबी सिरफिरे की इस हरकत से कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान पूरी तरह तहस-नहस हो गया।

Updated on:
06 Jun 2021 04:24 pm
Published on:
06 Jun 2021 04:24 pm