पानी की दिक्कतों के बीच प्रदेश के नगरीय प्रशासन विभाग के राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया का दौरा हुआ।
रतलाम. शहर की पेयजल व्यवस्था गड़बड़ा की गई है। पेयजल के लिए लोग खासे परेशान हो रहे हैं। बरसात के मौसम में पीने का पानी नहीं मिल रहा जिससे लोगों में आक्रोश भी पनप रहा है। दूर—दराज के कई मोहल्लों—कालोनियों में तो स्थिति बहुत खराब हो गई है। कई जगहों पर लोगों को पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।
पानी की दिक्कतों के बीच प्रदेश के नगरीय प्रशासन विभाग के राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया का दौरा हुआ। वे जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं। राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया के आने की जानकारी लगने पर जिला मुख्यालय के कांग्रेसी सक्रिय हो उठे। कई कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता सुबह—सुबह मंत्रीजी के पास पहुंच गए और पानी के संकट से अवगत कराया।
राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घेर लिया। शहर में जल वितरण में गड़बड़ी के मामले में मंत्रीजी से कई कांग्रेसियों ने शिकायत की। कांग्रेसी बोले— शहरभर में पानी के लिए लोग परेशान हो रहे हैं. 7 दिन में महज 2 दिन पेयजल मिल रहा है। कांग्रेसियों ने आयुक्त सोमनाथ झारिया की भी शिकायत की। कार्यकर्ताओं ने बताया कि आयुक्त झारिया नगर निगम में मिलते ही नहीं हैं।
पानी की कमी पर कांग्रेसियों ने मंत्री के समक्ष जोरदार नारेबाजी भी की। इस दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस जिंदाबाद के नारे भी लगाए। प्रभारी मंत्री ओपीएस भदौरिया ने प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों को जल्द ही पेयजल समस्या समाप्त करने का आश्वासन दिया। उन्होंने नगर निगम आयुक्त सहित अन्य शिकायतों पर भी कारवाई का भरोसा दिलाया।