रतलाम

एमपी में बारात आने से पहले दुल्हन को पता चली सच्चाई, दूल्हा हुआ फरार

MP News: शादी करने बारात लेकर आया था दूल्हा, वरमाला से पहले ही पुलिस का आया फोन और दूल्हा हुआ फरार।
2 min read
Apr 09, 2026
ratlam
Groom Runs Away Before Wedding After POCSO Case Revealed

MP News: मध्यप्रदेश के रतलाम में एक दूल्हा बारात लेकर तो आया लेकिन वरमाला होने से पहले ही फरार हो गया। दरअसल दूल्हे के खिलाफ बड़नगर में एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया। जब पुलिस ने इस बात की जानकारी दुल्हन के परिवारवालों को दी तो उन्होंने शादी करने से इंकार कर दिया और दुष्कर्म का मामला दर्ज होने की खबर लगते ही दूल्हा भी बारात छोड़कर फरार हो गया। आरोपी ने 15 साल की नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था और जब नाबालिग गर्भवती हो गई तो उसने अपनी जान देने की कोशिश की तब उसके साथ हुए दुष्कर्म का पता चला और पुलिस ने मामला दर्ज किया।

नाबालिग को बनाया हवस का शिकार

बड़नगर पुलिस के अनुसार बड़नगर निवासी अभिषेक सेन नामक युवक ने उसके मोहल्ले की ही एक नाबालिग के साथ जनवरी में जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए थे। आरोपी ने नाबालिग को धमकी दी कि अगर किसी को कुछ बताया तो जान से मार देगा और माता-पिता को भी खत्म कर देगा। आरोपी की धमकी से डरकर नाबालिग चुप रही और इसी कारण आरोपी की हिम्मत बढ़ गई। इसके बाद जब भी किशोरी घर पर अकेली होती तो आरोपी अभिषेक उसके घर जाता और उसे धमकाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता था।

एसिड पीकर जान देने की कोशिश की

आरोपी की हैवानियत झेल रही नाबालिग का सब्र 8 अप्रैल को टूट गया और उसने एसिड पीकर जान देने की कोशिश की। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां इलाज के दौरान उसके गर्भवती होने का पता चला। नाबालिग के गर्भवती होने की सूचना अस्पताल के स्टाफ ने पुलिस को दी और जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नाबालिग के बयान दर्ज किए जिसमें नाबालिग ने आरोपी अभिषेक सेन के द्वारा दुष्कर्म किए जाने की बात पुलिस को बताई जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया।

बारात लेकर आया था शादी करने

जैसे ही नाबालिग के गर्भवती होने का पता चला तो पुलिस ने केस पंजीबद्ध कर लिया। पुलिस आरोपी अभिषेक के घर दबिश देने पहुंची तो पता चला कि आरोपी की शादी रतलाम में एक युवती से हो रही है और वह बारात लेकर रतलाम पहुंचा है। इसके बाद पुलिस ने तुरंत दुल्हन पक्ष को एफआईआर की जानकारी दी तो कोहराम मच गया। यह बात दूल्हे को पता चली तो वह शादी किए बिना ही भाग निकला। अभी वह फरार है और बड़नगर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

Updated on:
09 Apr 2026 09:57 pm
Published on:
09 Apr 2026 09:57 pm