
woman traffic si assaulted robbery check post
MP News: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है। शिवपुरी जिले के दिनारा थाना अंतर्गत सिकंदरा परिवहन चेक पोस्ट पर बीती रात एक सनसनीखेज घटना को बदमाशों ने अंजाम दिया है। बदमाश चेक पोस्ट प्रभारी महिला टीएसआई (ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर) के कमरे में घुस गए और उनके साथ पहले अभद्रता और छेड़छाड़ की और फिर बेल्टों से मारपीट करते हुए धमकाया। इतना ही नहीं बदमाश कमरे में रखे 12 हजार रुपए नकद, पीओएस मशीन व सीसीटीवी कैमरो का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। जाते-जाते कमरे में रखी टीवी में भी लात मारकर तोड़ दिया। बदमाशों ने स्टाफ के साथ भी मारपीट की है।
पीड़ित महिला परिवहन सब इंस्पेक्टर ने बताया कि बुधवार रात करीब 12 बजे जब वह सिकंदरा स्थित अपने कार्यालय के पास बने कमरे पर थी। तभी वहां पर कुछ बदमाश आ गए और गाली-गलौच कर उनसे काफी अभद्रता की और फिर बेल्टों से मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने आए स्टाफ के साथ भी जमकर मारपीट की। बदमाशों ने मारपीट व अभद्रता के साथ कमरे में रखे 12 हजार रुपए नकद, पीओएस मशीन व सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी लूट लिया। जाते समय जान से मारने की धमकी देकर गए है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस सही समय पर नही पहुंची, जबकि पुलिस थाने व चैक पोस्ट में महज दो किमी का अंतर है।
बड़ी बात यह है कि जब मामला जिला परिवहन अधिकारी के साथ कलेक्टर व एसपी के संज्ञान में आया तब गुरूवार दोपहर डेढ़ बजे बदमाशों पर मामला दर्ज किया गया है। चैक पोस्ट प्रभारी की शिकायत पर 8 नामदर्ज व दो अज्ञात बदमाशों पर लूट, छेड़छाड़ व मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में पीड़ित महिला सब इंस्पेक्टर की शिकायत पर राजगुरू उर्फ छोटू यादव, सोना यादव, महेन्द्र यादव, सहदेव यादव, अनिल उर्फ बल्लू यादव, विक्की केवट, भईइन झा व कुंदन यादव सहित दो अज्ञात बदमाशों पर लूट, छेड़छाड़, मारपीट व शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने इन आरोपियों से दो को राउंड अप भी कर लिया हैं। बड़ी बात यह है कि एफआईआर में घटना के कारण का स्पष्ट उल्लेख नही हैं।
देर रात की घटना चेक पोस्ट पर हुई है। कुछ बदमाशों ने मिलकर महिला परिवहन सब इंस्पेक्टर के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की है। साथ ही लूटपाट की घटना हुई है। हमने प्रकरण दर्ज कर लिया है। जल्द बदमाशों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई करेंगे।
डॉ आयुष जाखड़, एसडीओपी (आईपीएस)
Updated on:
09 Apr 2026 06:25 pm
Published on:
09 Apr 2026 06:16 pm
बड़ी खबरें
View Allशिवपुरी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
