रतलाम

एमपी में दूल्हे को घोड़ी से घसीटकर पीटा, मां बचाने आई तो मारी तलवार

mp news: गांव का डीजे (DJ) बुक न करने को लेकर विवाद, प्रेम प्रसंग की भी आशंका, 7 लोगों पर केस दर्ज दो हिरासत में।
2 min read
Feb 25, 2026
ratlam
wedding violence groom assaulted sword attack

mp news: मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में बारात के दौरान दूल्हे व बारातियों से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना जिले के मथुरी गांव की है जहां दूल्हे को घोड़ी से घसीटकर पीटा गया और जब मां उसे बचाने आई तो आरोपियों ने मां पर तलवार से हमला कर दिया। बताया गया है कि हमला करने वाले आरोपी कह रहे थे कि शादी में गांव का डीजे बुक क्यों नहीं किया। हालांकि इस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग होने की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस ने 7 लोगों पर केस दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है।

घोड़ी से उतारकर दूल्हे को पीटा

मथुरी गांव में बुधवार दोपहर को भेरूपाड़ा से कन्हैयालाल डामर की बारात आई थी। बारात की निकासी हो रही थी और घोड़ी पर दूल्हा कन्हैयालाल सवार था। इसी दौरान कुछ आरोपी जिनके नाम दीपक पारगी, जितेन्द्र, आशीष मोरी और ध्रुव बताए गए हैं वहां पहुंचे। आरोपियों ने गालियां देते हुए दूल्हे को कॉलर पकड़कर घसीटकर घोड़ी से नीचे पटक दिया। आरोपी कह रहे थे कि तुमने गांव का डीजे बुक क्यों नहीं किया। इसी बीच कुछ और युवक वहां पहुंच गए और विवाद बढ़ गया। बेटे को पिटता देख जब दुल्हन की मां उसे बचाने आई तो आरोपी अंकित ने उन पर तलवार से हमला कर दिया। आंख के पास तलवार लगने से दूल्हे की मां को चोट आई है। आरोपियों ने बारात में शामिल और भी लोगों के साथ मारपीट की है। किसी तरह ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।

थाने पहुंचा दूल्हा, दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद दूल्हा बारातियों के साथ सीधे थाने पहुंचा शिकायत दर्ज कराई। दूल्हे की घायल मां की शिकायत पर पुलिस ने कुल सात आरोपियों आशीष, दीपक, जितेंद्र, ध्रुव, राहुल, संजय और अंकित के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने अंकित और राहुल नाम के आरोपियों को हिरासत में ले लिया है जबकि बाकी फरार हैं और उनकी तलाश कर रही है। पुलिस को आशंका है कि विवाद केवल डीजे का नहीं है बल्कि दुल्हन के प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। इधर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद दूल्हा वापस गांव पहुंचा और शादी की रस्में पूरी की गईं।

Updated on:
25 Feb 2026 09:40 pm
Published on:
25 Feb 2026 09:40 pm