रतलाम

कहीं पुतले का सहारा तो कहीं सद्बुद्धि‌ यज्ञ में आहुतियां

बढ़ती महंगाई को लेकर अब कांग्रेस सडक़ पर उतर आई है। शहर कांग्रेस के दो ब्लॉकों ने रविवार को प्रदर्शन कर केंद्र सरकार को घेरा। राम मंदिर क्षेत्र में पुतला फूंककर विरोध जताया तो सुभाषनगर चौराहे पर सद्बुद्धि यज्ञ किया।
2 min read
Aug 30, 2026
ratlam letest news
सद्बुद्धि‌ यज्ञ में आहुतियां देते कांग्रेस नेता

रतलाम. बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में कांग्रेस नेता अब सडक़ पर उतरकर प्रदर्शन करने लगे हैं। गैस सिलेंडर से लेकर शक्कर के दामों में बढ़ोतरी से हर कोई परेशान हैं। इसी बात को आम जनता तक पहुंचाने के लिए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एक और दो ने शहर में सुबह और शाम को दो अलग-अलग आंदोलन किए। राम मंदिर क्षेत्र में ब्लॉक एक ने महंगाई का पुतला फूंका ब्लॉक दो की इकाई ने सुभाषनगर चौराहे पर हनुमान मंदिर के सामने केंद्र सरकार की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ करके आहुतियां दी गई।

ब्लॉक कांग्रेस दो

ब्लॉक कांग्रेस दो के कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार को सद्बुद्धि देने और जनता को महंगाई से राहत दिलाने के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-कुंड में आहुतियां दी। इसके पहले केंद्र के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी 2 के पदाधिकारियों ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के कारण पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, आवश्यक खाद्य सामग्री के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।

ब्लाक कांग्रेस 1

ब्लॉक कांग्रेस एक के पदाधिकारियों ने ब्लॉक अध्यक्ष आशा रावत और शहर अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा के नेतृत्व में चेतक ब्रिज के नीचे से नारेबाजी करते हुए कस्तूरबानगर चौराहे पहुंचे और पुतला फूंका। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जब तक महंगाई कम नहीं होगी, जनता के हक की यह लड़ाई शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगी। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है।

ये रहे मौजूद

आंदोलन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष वर्मा, ब्लॉक दो के अध्यक्ष प्रदीप राठौड़, एक की आशा रावत, राजीव रावत, सेवादल अध्यक्ष राजनाथ यादव, महेंद्र कटारिया, पारस सकलेचा, शैलेंंद्रसिंह अठाना, राजीव रावत, रजनीकांत व्यास, वाहिद शैरानी, कमरुद्दीन कछवाय, राजेश प्रजापत सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यज्ञ में ब्लॉक कांग्रेस एवं शहर कांग्रेस के सभी पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं सेवादल के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यज्ञ के बाद प्रसाद वितरण किया गया। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जब तक महंगाई कम नहीं होगी, जनता के हक की यह लड़ाई शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगी।

Updated on:
30 Aug 2026 09:33 pm
Published on:
30 Aug 2026 09:32 pm