रतलाम

नकबजनी का खुलासा, 12 लाख की चांदी और 72 हजार नकद बरामद

चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी झाबुआ जिले से आकर विरियाखेड़ी में झोपड़ी बनाकर रहते और मजदूरी करते, दो आरोपी जीजा और साला है जबकि दो नाबालिग हैं।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 9:17 PM IST
ratlam news
पुलिस गिरफ्त में आरोपी

रतलाम. स्टेशन रोड पुलिस ने नकबजनी की बड़ी घटना का 7 दिन के भीतर खुलासा करते हुए चोरी गया अधिकांश मश्रुका बरामद कर लिया है। पुलिस ने 12 लाख रुपए कीमत के करीब 3 किलो चांदी के आभूषण, 72,000 रुपए नकद और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। आरोपी झाबुआ जिले के रहने वाले हैं और विरियाखेड़ी में मजदूरी करने के उद्देश्य से झोपड़ी बनाकर रहते हैं। आरोपियों में दो नाबालिग और दो जीजा-साले हैं।

सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया 14 नवंबर 2026 को हर्षल गांधी ने थाना स्टेशन रोड में रिपोर्ट की थी कि 13-14 नवंबर की दरमियानी रात अज्ञात दो नकाबपोश बदमाश उनकी सालाखेड़ी रोड स्थित दुकान से चांदी की ज्वेलरी और तिजोरी सहित 3,48,000 रुपए का मश्रुका चुराकर ले गए हैं।

एसपी ने गठित की टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार के निर्देश पर एएसपी राकेश पंद्रो और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी स्टेशन रोड निरीक्षक मुनेंद्र गौतम को सौपा। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब 400-500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही पीएसटीएन और सीडीआर डाटा का विश्लेषण किया। इस क्षेत्र में वारदात के समय ऑपरेट मोबाइल फोन से तकनीकी सहायता मिली और पुलिस ने आरोपियों को दबौच लिया। पुलिस ने विरियाखेड़ी से राहुल गुण्डिया (23) और राहुल बारिया (24) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने दो विधि विरुद्ध बालकों के साथ मिलकर नकबजनी की वारदात करना कबूल किया।

वारदात को ऐसे दिया अंजाम

सीएसपी घनघोरिया ने बताया राहुल बारिया कुछ समय पहले ही राहुल गुंडिया की बहन की बहन को ले गया था। इसके खिलाफ अपहरण और बलात्कार का केस भी दर्ज है। इसके बाद दोनों साथ हो गए और इन्होंने नाबालिगों के साथ वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई। एक बाइक पर राहुल बारिया और नाबालिग दूसरी बाइक पर राहुल गुंडिया व नाबालिग पहुंचे। पहले हर्षल की दुकान के पास की दुकान में घुसे। यहां से वे हर्षल की दुकान में आए। तिजोरी भारी होने से इन्होंने रस्सी से बांधकर ऊपर खींचा। खेत में गिराया और यहीं उसमें से सामान निकालकर उसे वहीं छोड़ दिया। यहां से विरियाखेड़ी पहुंचे और फिर झाबुआ के काकनवानी थाने के मदरानी अपने गांव पहुंचे। यहां आभूषण छिपाकर वापस आ गए। पुलिस ने इन्हें ट्रेक करते हुए गिरफ्तार कर लिया। सीएसपी के अनुसार इस वारदात में अन्य सहयोगियों की भी तलाश की जा रही है। दोनों नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया। राहुल गुंडिया और राहुल बारिया को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

Updated on:
21 Nov 2026, 9:17 PM IST
Published on: