
रावटी में घर से बिक रही अवैध शराब (फोटो सोर्स: Patrika)
आशीष पाठक की स्टिंग रिपोर्ट
Ratlam News :मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में वैसे तो नशे के खिलाफ अभियान चलाने और अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के तमाम दावे किये जा रहे हैं। लेकिन, जमीनी हकीकत इन दावों से काफी उलट है। आदिवासी अंचलों में नशे का कारोबार किस तरह फैल रहा है, इसका खुलासा पत्रिका द्वारा किए गए लगातार दूसरे स्टिंग में सामने आया है।
दरअसल, शनिवार को क्षेत्र के रावटी में ताड़ी के नाम पर शराब की अवैध बिक्री का मामला सामने आया है। चौंकाने वाली बात ये है कि, यहां भी नशे की सौदागरी के काम में पिछली बार की ही तरह नाबालिग को शामिल किया गया है। यानी यहां शराब नाबालिग बेचती नजर आ रही है। इससे पहले मंडलीय घाटे में शासकीय स्कूल के पास गांजे की खुलेआम बिक्री का स्टिंग भी पत्रिका कर चुका है। दोनों मामलों में नाबालिगों की संलिप्तता ने नशे के कारोबार के साथ पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
पत्रिका ने शनिवार सुबह रावटी के आदिवासी अंचल में पड़ताल की तो ताड़ी के नाम पर अवैध शराब की बिक्री की जा रही थी। यहां नाबालिग के माध्यम से शराब बेची जा रही थी। इस पूरे घटनाक्रम का स्टिंग वीडियो पत्रिका संवाददाता की टीम ने अपने कैमरे में कैद किया है। ऐसे में जरा सोचिये कि, जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें होनी चाहिए, उस उम्र में उन्हें नशे के कारोबार में इस्तेमाल किया जा रहा है। ये सिर्फ अवैध शराब की बिक्री का मामला नहीं, बल्कि नाबालिगों के भविष्य से खिलवाड़ का भी गंभीर विषय है।
इससे पहले पत्रिका ने अक्टूबर महीने में क्षेत्र के मंडलीय घाटे में शासकीय स्कूल के गेट के नजदीक खुलेआम गांजा बिकने का स्टिंग किया था। उस दौरान भी नशीले पदार्थ की बिक्री में नाबालिग शामिल मिली थी। हैरानी ये रही कि, स्थानीय स्तर पर जानकारी होने के बावजूद बाजना पुलिस की सक्रियता नजर नहीं आई। अब रावटी में सामने आए मामले ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एक तरफ नशामुक्ति और नशे के कारोबार पर कार्रवाई के अभियान चलाने की बात हो रही है, दूसरी तरफ छोटे कस्बों और आदिवासी अंचलों में नशे का अवैध कारोबार बेखौफ जारी होने के आरोप सामने आ रहे हैं। लगातार सामने आ रहे मामलों में नाबालिगों का इस्तेमाल सबसे चिंताजनक पहलू है। अब सवाल है कि, पुलिस इन स्थानों पर नियमित निगरानी क्यों नहीं कर रही और ऐसे कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई कब होगी? नशे के खिलाफ अभियान की असली परीक्षा अब इन अंचलों में कार्रवाई से ही होगी।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
21 Nov 2026, 2:10 PM IST
Published on:
21 Nov 2026, 2:10 PM IST
बड़ी खबरें
View Allरतलाम
मध्य प्रदेश न्यूज़




