रतलाम

अब अग्रिम जमानत के लिए खटखटाएंगें हाईकोर्ट का दरवाजा

- एक को जमानत नहीं मिलने से सभी आरोपियों की परेशानी बढ़ी
2 min read
• •
Updated: 29 Jan 2018, 11:27 AM IST
patrika

रतलाम। राशन घोटाले में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी वंदना बबेरिया की जमानत याचिका के खारिज होने से अन्य आरोपियों की परेशानियां भी बढ़ गई है। एक की अग्रिम जमानत निरस्त होने से अब अन्य को भी राहत मिल पाना संभव नहीं है। एेसे में अब जमानत के लिए सभी आरोपियों को हाईकोर्ट का दरवाजा ही खटखटाना होगा। बिना उसके उन्हें न्यायालय से राहत मिल जाए ये संभव नहीं है।

घोटाले में आरोपी बने अधिकारी व कर्मचारियों की परेशानी शनिवार को न्यायालय द्वारा एक की याचिका खारिज करने से और बढ़ गई है। अब तक वह सीधे तौर पर न्यायालय से अग्रिम जमानत लेने का मन बना रहे थे। उसी के चलते पहले एक महिला अधिकारी के द्वारा जमानत के लिए अर्जी लगाई गई थी, लेकिन कोर्ट ने मामले की गंभीरता और करोड़ों के राशन घोटाले को देखते हुए सख्ती बरती और जमानत अर्जी खारिज कर दी। इस बात की जानकारी मिलते ही अन्य अधिकारियों के होश उड़ गए।

एक-दूसरे पर ढोल रहे जिम्मेदारी
करोड़ों के घोटाले में उलझने के बाद अब दोनों ही विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी का ठिकरा फोड़कर दोषी ठहराते नजर आ रहे है। हालाकि इस पूरे मामले में अब तक कोई भी आरोपी सामने नहीं आया और न उसने अपनी बात रखी है, लेकिन इस तरह की सारी बातें उनके विभाग के अधिकारी व कर्मचारी ही आपस में करते नजर आ रहे है। हालाकि कुछ कर्मचारी इनके नाम घोटाले में सामने आने पर खुश भी है। उनकी माने तो इनके द्वारा अति कर दी गई थी, जिसका फल अब उन्हें मिला है।

कब होगी गिरफ्तारी नहीं पता
पुलिस ने करोड़ों के इस घोटाले में आरोपियों के खिलाफ कायमी तो कर ली है, लेकिन पंद्रह दिन बीत जाने के बाद भी उसकी जांच गिरफ्तारी तक नहीं पहुंच सकी है। पुलिस की माने तो वह आरोपियों की तलाश कर रही है, लेकिन अब तक उसे किसी के बारे में कोई जानकारी हाथ नहीं लग सकी है। इसी कारण से अब तक वह किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जैसे ही उसे किसी को कोई जानकारी मिलती है तो वह तत्काल उस पर कार्रवाई करेगी।

Published on: