रतलाम

पेटलावद तय करेगा झाबुआ से कौन होगा भाजपा का उम्मीदवार

पेटलावद तय करेगा झाबुआ से कौन होगा भाजपा का उम्मीदवार
2 min read
Aug 04, 2018
Patrika
Patrika

रतलाम. संसदीय उपचुनाव में मात खाने वाली भाजपा अब मिशन 2019 के लिए ठोस रणनीति बनाने पर जोर दे रही है। इसे लेकर उत्तर प्रदेश भाजपा के कद्दावर नेता और मंत्री स्वतंत्रदेवसिंह शनिवार को रतलाम, झाबुआ और आलीराजपुर जिले के भाजपा पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक करेेंगे। वे ना सिर्फ संभावित उम्मीदवारी के लिए पदाधिकारियों की राय लेंगे, बल्कि विधानसभाओं की बढ़त के लिए भी चर्चा करेंगे।

भाजपा के जिला, मंडल और बूथ लेवल के पदाधिकारियों के साथ जिला व विधानसभा प्रभारियों की एक बैठक शनिवार को पेटलावद में होगी। पूर्व में संसदीय उपचुनाव के दौरान प्रभारी रहे यूपी के मंत्री स्वतंत्रदेवसिंह एक बार भाजपा के लिए जमीन तलाशने पदाधिकारियों से रायशुमारी करेंगे। बैठक का मकसद संसदीय चुनाव से पहले प्रमुख मुद्दों सहित संगठन की जमावट पर चर्चा करना है, लेकिन मिशन 2019 की तैयारी में जुटी पार्टी चुनाव में जीतने वाले उम्मीदवार को भी तलाशेगी। इसके लिए तीनों ही जिलों रतलाम, झाबुआ व आलीराजपुर के जिलाध्यक्षों से चर्चा भी होगी।

झाबुआ या आलीराजपुर का दावा सबसे मजबूत
संसदीय चुनाव के लिए एक बार फिर पार्टी झाबुआ या आलीराजपुर से ही उम्मीदवार तलाश रही है। हालांकि रतलाम जिले से भी दावेदारी सामने आ सकती है, लेकिन पार्टी में मजबूत दावा झाबुआ व आलीराजपुर जिले से ही है। पूर्व के चुनावों में भी भाजपा और कांग्रेस ने इन जिलों को ही प्राथमिकता दी है। वर्तमान में झाबुआ जिले के कांतिलाल भूरिया कांग्रेस से सांसद है, जबकि दावेदारी में भी कांग्रेस में सबसे आगे है।

खुद जिलाध्यक्ष ने दिया बदलाव की अटकलो को विराम
प्रदेश के 5 प्रमुख जिलों में भाजपा जिलाध्यक्ष बदलाव के बाद शुक्रवार को इंदौर में भी जिलाध्यक्ष बदल दिए गए। दिनभर रतलाम जिलाध्यक्ष के बदलाव की अटकले भी चली, लेकिन शाम को पार्टी जिलाध्यक्ष चौहान ने इनको खारिज कर दिया।

संसदीय चुनाव के लिए चर्चा
पेटलावद में लोकसभा चुनाव को लेकर संसदीय प्रभारी के साथ चर्चा होगी। इसमें तीन जिलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। जिलाध्यक्ष संबंधी फैसले पर कुछ नहीं कह सकते।
- कान्हसिंह चौहान, जिलाध्यक्ष भाजपा

Published on:
04 Aug 2018 07:35 pm