
फोटो-आरटी-0801
सैलाना. आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह के सुव्यवस्थित आयोजन हेतु शुक्रवार को जनपद पंचायत सभागार में बैठक आयोजित की गई। एसडीएम सुनील जायसवाल ने बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें जनपद पंचायत सीईओ रिया गेरा उपस्थित रहीं। विभिन्न विभागों के अधिकारियों व शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों को समारोह की तैयारियों एवं जिम्मेदारियों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसडीएम जायसवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है। सभी शासकीय एवं अर्द्धशासकीय संस्थानों में सम्मानपूर्वक ध्वजारोहण किया जाए। उन्होंने शासकीय भवनों पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और विद्युत सज्जा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस वर्ष जिले का मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह कृषि उपज मंडी परिसर में होगा, जहां ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। अधिकारियों को ध्वज संहिता का पालन करने के निर्देश भी दिए गए। नगर में स्वतंत्रता दिवस पर विशाल रैली का आयोजन होगा। सभी स्कूलों के बालक-बालिकाएं बस स्टैंड पर एकत्रित होंगे, जहां से देशभक्ति के नारों व बैंड के साथ रैली कृषि उपज मंडी परिसर पहुंचेगी। रैली समापन के बाद ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पेयजल, स्वच्छता, मंच व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा कर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। उपस्थिति: मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनवर गोरी, अनुविभागीय कृषि अधिकारी बीका वास्के, प्राचार्य सुनीता छजलानी, थाना प्रभारी पिंकी आकाश, बीआरसी अधिकारी नरेंद्र कुमार पासी, डब्ल्यूआरडी एसडीओ मंजू चारेल, मॉडल स्कूल प्राचार्य नरेंद्र सिंह गरवाल, आईटीआई सैलाना के राघव सिंह गामड़, प्राचार्य वीरेंद्र मिंडा, किरण शर्मा, दिनेश डामेचा, अखिलेश पाटीदार, दिलीप कुमार पाटीदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।