
रतलाम। रेलवे बोर्ड ने भले वाणिज्य विभाग व आरपीएफ को संयुक्त अभियान चलाकर अवेध गतिविधि करने वालों को पकडऩे को कहा हो, लेकिन रेलवे स्टेशन पर वाणिज्य विभाग को आरपीएफ सहयोग नहीं कर रही है। आरपीएफ के सामने ही जमकर पटरी पारकर अवैध फेरी वाले आ रहे है, लेकिन इनको रोका नहीं जा रहा है। जबकि आम यात्री पटरी पार करें तो जुर्माना लगाया जाता है।
असल में रेलवे बोर्ड ने यात्रियों को सुरक्षा व स्वच्छ भोजन मिले इसके लिए आगामी 6 मई तक आरपीएफ व वाणिज्य विभाग को मिलकर अभियान चलाने के निर्देश दिए हुए है। इसके लिए कुछ दिन पूर्व वाणिज्य विभाग व आरपीएफ के मंडल से जुडे़ आला अधिकारियों की बैठक भी हुई थी। इस बैठक का लाभ भी यात्रियों को नहीं मिल पा रहा है। स्थिति ये है कि ट्रेन के आते ही अवैध काम करने वाले सक्रिय हो जाते है। वाणिज्य विभाग की नहीं सुन रहेबताया जाता है कि वाणिज्य विभाग की भी नहीं सुनी जा रही है। वेसे तो पटरी पार करना अपराध है, लेकिन अवैध फेरी करने वालों को इस मामले में रोका नहीं जा रहा है। वे प्लेटफॉर्म नंबर 7 के रास्ते की पटरी से आसानी से आना-जाना कर रहे है। अब तक न आरपीएफ न वाणिज्य विभाग इन पर कार्रवाई कर रहा है।
चार जोड़ी ट्रेन में अतिरिक्त डिब्बे
रेलवे ने गर्मी में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए चार जोड़ी ट्रेन में अतिरिक्त डिब्बे लगाने का निर्णय लिया है। मंडल प्रवक्ता जेके जयंत के अनुसार अहमदाबाद-दरभंगा-अहमदाबाद साबरमती ट्रेन में 2 सामान्य डिब्बे 2 जून तक, अहमदाबाद-वाराणसी-अहमदाबाद साबरमती में 2 सामान्य डिब्बे 3 जून तक, बांद्रा-गाजीपुर-बांद्रा में एक शयनयान व एक तृतिय वातानुकूलित बोगी 27 अप्रैल से 29 मई तक, इंदौर-पटना-इंदौर ट्रेन में एक एसी चेयरकार 30 अप्रैल से 30 मई तक अतिरिक्त डिब्बे रहेंगे।
दो ट्रेन निरस्त, कुछ शॉटटर्मिनेट
रेलवे के कोटा मंडल में चल रहे रखरखाव कार्य का असर मंडल की अनेक यात्री ट्रेनों पर पड़ा है। मंडल प्रवक्ता जेके जयंत ने बताया कि 10 मई तक कोटा मंडल में रखरखाव चलेगा। इससे ट्रेन नंबर 59831 बड़ोदरा-कोटा ट्रेन को 28 अप्रैल से 10 मई तक डकनिया स्टेशन तक ही चलाया जाएगा। इसके अलावा मंदसौर से मेरठ तक जाने वाली ट्रेन व वापसी में आने वाली मेरठ-मंदसौर ट्रेन 8 से 10 मई तक प्रभावित रहेगी। रेलवे इंदौर-कोट-इंदौर ट्रेन को 3 मई से 8 मई तक इस रखरखाव के चलते नहीं चलाएगा।
सख्त अभियान चलेगा
इनके खिलाफ जल्द ही सख्त अभियान चलेगा। अगर कोई पटरी पार कर रहा है व कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है तो ट्वीट करके शिकायत की जा सकती है।
- जेके जयंत, मंडल रेल प्रवक्ता, रतलाम