
जावरा। नगर की सबसे ज्वलंत समस्या रेलवे समपार क्रमांक 177 पर ब्रिज को लेकर लम्बे समय से प्रयासरत संस्था आमजन ने भी अब ब्रिज से अपना पल्ला झाड़ते हुए अब सब नगर के जनप्रतिनिधियों पर छोड़ दिया है। सोमवार को अंतिम बार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए आमजन ने नगर के सोमवारिया स्थित दिगम्बर जैन मांगलिक भवन पर नगर के पत्रकारों तथा प्रबुद्धजनों के साथ एक जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर अपनी बात सरकार के साथ शासन व जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने का प्रयास किया। आमजन के सुनिल पोखरना ने बताया कि संस्था रेलवे समपार पर ब्रिज को लेकर लम्बे समय से अभियानरत हैं, लेकिन कहीं भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। संस्था विगत करीब 2007-08 से ब्रिज की मांग करती आ रही है।
आरटीआई के तहत भी जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया, लेकिन हर बार संस्था को विफलता ही हाथ लगी। संस्था सदस्यों ने बताया कि आमजन व जनता यह चाहती है कि पहले अंडरब्रिज बने तथा ओवर ब्रिज का कार्य भी साथ ही चले। ओवरब्रिज पर फुटपाथ की मांग कर रहे हैं, जो कि उनका अधिकार है, लेकिन आला अधिकारी तथा जिम्मेदार उनकी नहीं सुन रहे हैं। ऐसे में अब आमजन ने सोमवार को अंतिम रुप से पूरी जिम्मेदारी सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक डॉ राजेन्द्र पाण्डेय तथा नगर पालिका अध्यक्ष अनिल दसेड़ा, एसडीएम जावरा के साथ डीआरएम रतलाम केा देते हुए कहा कि अब वे चाहे जैसा ब्रिज बनाए, आमजन अब कोई उनसे सलाह या मश्वरा नहीं देगा और न ही इस विषय पर कोई बात करेगा। ब्रिज बनने के बाद यदि चौपाटी चौराहा या फोरलेन जैसी विकट स्थिति निर्मित होती हैं उसके जिम्मेदार भी आप स्वयं ही रहेंगे। इस दौरान आमजन के रवि खारीवाल, मुकेश पाठक, अनिल सिसोदिया, विकाश कलशधर आदि उपस्थित थे।
पोलियो को जड़ से मिटाने गांव गांव कर रहे परीक्षण
सुखेड़ा। पोलियो को जड़ से मिटाने के लिए डब्ल्यूएचओ की टीम गांवों का भ्रमण कर 0 से 15 वर्ष तक के बच्चों के किसी भी अंग में शिथिलता पाई जाने पर उनकी जांच कर स्वास्थ्य विभाग को अवगत करा रही है।
बच्चे में पोलियो के लक्षण पाए जाने पर एएफ पी की श्रेणी में लेकर 24 घंटे के अंतराल में स्टूल का दो बार जांच कर बाम्बे लेबोरेटरीज भेजा जाता है। वहां से रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ऐसे बच्चों का नि:शुल्क इलाज करता है। यह बात रतलाम से आई डॉक्टर स्वाति मित्तल ने कही। डॉक्टर मित्तल सोमवार को सुखेडा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर 0 से15 वर्ष के बच्चे जो किसी अंग से शिथिलता व मिजल्स, गला गुट, काली खांसी, दिपथैरिया जैसे मरीजों की जांच की। इस पर सुखेड़ा निवासी गिरिराजसिंह राजपूत की 8 माह की पुत्री जानवी के दोनों पैर शिथिल होने से डॉ: मित्तल ने 24 घंटे के अंतराल में स्टुल की दो बार जांच कर सेम्पल बाम्बे लेबोरटरीज भेजे हैं।