रतलाम

रतलाम वन विभाग का स्मृति वन बदहाल, घास में गुम फिसलपट्टी

सूख रहे पौधे, रास्तों पर कंटीली झाडिय़ों का कब्जा, नगर स्मृति वन की हरियाली पर लापरवाही की मार, हालात यह हैं कि आने-जाने के रास्ते भी झाडिय़ों से घिर गए
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 10:05 PM IST
Forest Division Ratlam news
Forest Division सूख रहे पौधे, रास्तों पर कंटीली झाडिय़ों का कब्जा, नगर स्मृति वन की हरियाली पर लापरवाही की मार, हालात यह हैं कि आने-जाने के रास्ते भी झाडिय़ों से घिर गए

रतलाम। शहरवासियों और बच्चों को हरियाली के बीच सुकून और मनोरंजन देने के उद्देश्य से विकसित नगर स्मृति वन अब खुद बदहाली की कहानी बयां कर रहा है। यहां हरियाली बढ़ाने के लिए बारिश के दौरान लगाए गए पौधे देखरेख और पानी के अभाव में सूखने लगे हैं।

वहीं बच्चों के मनोरंजन के लिए लगाए गए झूले और फिसलपट्टी घास में दबकर रह गए हैं। पूरे परिसर में जंगली घास और कंटीली झाडिय़ों का फैलाव है। हालात यह हैं कि आने-जाने के रास्ते भी झाडिय़ों से घिर गए हैं।

अभाव में बदलने लगी स्मृति वन की तस्वीर
कुछ माह पहले वन विभाग ने नगर वन को विकसित और आकर्षक बनाने के लिए काम शुरू किया था, लेकिन रखरखाव के अभाव में इसकी तस्वीर बदलने लगी है। बच्चों के लिए लगाई गई दोहरी फिसलपट्टी सहित आठ-दस खेल उपकरणों के आसपास इतनी घास उग आई है कि उनका उपयोग करना मुश्किल हो गया है। परिसर में लगे टैंक, फव्वारे और प्लास्टिक से बनी हाथी, हिरण, गैंडा, ऊंट और मोर की आकृतियां भी झाडिय़ों के बीच छिपती जा रही हैं।

पौधे लगाने के बाद देखरेख भूले जिम्मेदार
नगर स्मृति वन में फलदार, फूलदार और छायादार प्रजातियों के पौधे लगाए गए थे। उद्देश्य था कि शहर के बीच बच्चों और परिवारों को प्रकृति के करीब समय बिताने का स्थान मिले, लेकिन नियमित सिंचाई और देखरेख नहीं होने से कई पौधे सूखने की कगार पर हैं। जो पौधे बचे हैं, उनकी स्थिति भी अच्छी नहीं है। साफ-सफाई के अभाव में परिसर में कंटीली झाडिय़ां फैलती जा रही हैं। विडंबना यह है कि मुख्य द्वार पर अब तक नगर वन का नाम तक अंकित नहीं किया गया है।

सागोद पार्क के हाल भी बेहाल
वन विभाग के सागोद पार्क की स्थिति भी इससे अलग नहीं है। दोनों ही स्थानों पर हरियाली और मनोरंजन के लिए किए गए इंतजामों के रखरखाव पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लाखों की मेहनत और संसाधनों से विकसित किए गए इन स्थलों का उद्देश्य तभी पूरा हो सकता है, जब पौधों की नियमित सिंचाई, सफाई और खेल उपकरणों का रखरखाव हो। सवाल यह है कि शहर को हरित स्थल देने के लिए विकसित किए गए इन परिसरों की देखरेख की जिम्मेदारी आखिर कौन निभाएगा।

हरियाली और मनोरंजन के इंतजाम बदहाल
बारिश में लगाए गए पौधे पानी और देखरेख के अभाव में सूखने लगे।
बच्चों की दोहरी फिसलपट्टी और झूले घास से ढंके।
परिसर के रास्तों पर कंटीली झाडिय़ों का कब्जा।
हाथी, हिरण, गैंडा, ऊंट और मोर की आकृतियां घास में घिरीं।
टैंक और फव्वारे भी उपेक्षा के शिकार।
मुख्य द्वार पर नगर वन का नाम तक अंकित नहीं।

Updated on:
13 Nov 2026, 10:05 PM IST
Published on: