
फोटो-आरटी-0442
फोटो-आरटी-0443
सनावदा. जिले की ग्राम पंचायत सेवरिया स्थित शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं का अपूर्व अभाव बना हुआ है। विद्यालय का पुराना किचन शेड 10 से 15 साल पुराना होकर अब खंडहर स्थिति में पहुंच गया है। इसकी छत से बारिश में लगातार पानी टपकता है, जिससे यह उपयोग के लायक नहीं रहा है। इस कारण बच्चों के लिए बनने वाला मध्यान्ह भोजन अतिरिक्त कक्ष में तैयार किया जा रहा है। इस व्यवस्था से बच्चों को बैठने के लिए कक्षों की कमी हो रही है और उन्हें अक्सर एक ही कक्ष में बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर होना पड़ता है।
कक्ष में अधिक भीड़ होने से उनकी पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय भवन की मुख्य छत से भी बारिश में पानी टपकता है, जिससे शैक्षणिक गतिविधियों में बाधा आती है और छात्रों को असुविधा होती है। इसके अलावा, विद्यालय के शौचालय भी बेहद जीर्ण-शीर्ण अवस्था में हैं, जिसके चलते छात्र-छात्राओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में अपूर्व आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से नया किचन शेड बनाने और शौचालयों की मरम्मत कराने की मांग की है ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो वे छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के साथ मिलकर कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन देंगे और अपनी मांगों को रखेंगे। इस दौरान सुरेश मुनिया, सुरेश सोनार्थी, भेरूलाल मुनिया, भरत वसुनिया, भरत भाभर, भेरूलाल वसुनिया, दिनेश मैड़ा, बबलू मावी और रोहित भाभर सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।