
Ratlam Collector News अपनी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सैलाना के एकलव्य मॉडल स्कूल के विद्यार्थी सोमवार सुबह पैदल ही रतलाम के लिए निकल पड़े। करीब 20 किलोमीटर का सफर तय कर कलेक्टर से मिलने की जिद पर अड़े विद्यार्थियों को मनाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रयास किए, लेकिन वे नहीं माने और नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ते रहे।
जानकारी के अनुसार, विद्यार्थी सुबह स्कूल से निकले और रतलाम की ओर पैदल चलना शुरू कर दिया। उनका उद्देश्य रतलाम के कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अजय कटेसरिया से मुलाकात कर स्कूल से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराना था।
विद्यार्थियों के पैदल रवाना होने की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी घबरा उठे। सैलाना एसडीएम सुनील जायसवाल और बाजना तहसीलदार कुलभूषण शर्मा उन्हें समझाने पहुंच गए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से चर्चा कर उन्हें वाहन से रतलाम ले जाने की पेशकश भी की, ताकि उन्हें लंबा रास्ता पैदल तय नहीं करना पड़े। इसके बावजूद विद्यार्थी अपनी मांगों पर अड़े रहे।
सैलाना एसडीएम सुनील जायसवाल और बाजना तहसीलदार कुलभूषण शर्मा भी बच्चों के साथ पैदल चलने लगे। दोनों अधिकारी उन्हें वाहन में बैठने के लिए मनाने का हर तरह से प्रयास करते रहे, लेकिन विद्यार्थियों ने वाहन में बैठने से साफ इनकार कर दिया। वे नारेबाजी करते हुए रतलाम की ओर बढ़ते रहे।
इधर आदिवासी छात्र संगठन ने एकलव्य स्कूल सैलाना में 15 सितंबर को वर्षा सोलंकी के साथ हुई घटना के संबंध में आज तक न्याय नहीं मिलने के विरोध में 2 नवंबर को पैदल मार्च निकालकर रतलाम कलेक्टर कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करने की बात कही थी। संगठन ने कहा कि हमारी मांग है कि बहन वर्षा सोलंकी को न्याय मिले तथा मामले में उचित कार्रवाई की जाए। जब तक हमारी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक हम न्याय की मांग को लेकर आवाज उठाते रहेंगे।
आदिवासी छात्र संगठन ने समस्त छात्र संगठनों, सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधियों एवं सर्व समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस न्याय आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है।