वर्किंग कपल्स के लिए वीकेंड बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान वे न सिर्फ अपने बच्चों के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिता सकते हैं
वर्किंग कपल्स के लिए वीकेंड बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान वे न सिर्फ अपने बच्चों के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिता सकते हैं, बल्कि एक-दूसरे को भी समय दे सकते हैं। ऐसे में वीकेंड का भरपूर आनंद उठाने के लिए योजना बनाना बहुत जरूरी है। आप वीकेंड में कुछ मनोरंजक चीजें जोडक़र इसे बेहद खुशनुमा बना सकते हैं। यही नहीं, इस दौरान अपने लिए भी थोड़ा समय निकालकर सप्ताह भर की थकान को दूर कर सकते हैं। वीकेंड को मनोरंजक बनाने के कुछ खास टिप्स...
पूरे दिन की योजना बनाएं
वीकेंड आने से पहले हम यह तो सोच लेते हैं कि हमें उस दिन कौन-कौन से काम करने हैं लेकिन इन कामों के लिए योजना बनाना पूरी तरह से भूल जाते हैं। इसलिए शुक्रवार को ही अपने साथी के साथ वीकेंड की पूरी योजना बना लें। विशेषज्ञ कहते हैं कि दोनों दिनों को सुबह, दोपहर और शाम की तीन-तीन क्लॉक में बांट लेना चाहिए। फिर इन क्लॉक्स में कामों को बांट लें और उनकी लिस्ट बना लें। इससे काम जल्दी खत्म होंगे।
हल्के-फुल्के खेलों का मजा
रविवार को बच्चों को समय देना बहुत अच्छा रहता है। इस दौरान आप बच्चों के साथ हल्के फुल्के खेलों का मजा ले सकते हैं। सुबह के समय पार्क में मस्ती कर सकते हैं और घर में उनके साथ कैरम जैसे खेलों का लुत्फ उठा सकते हैं। बच्चों को साइकिल राइडिंग के लिए ले जा सकते हैं।
बात करना जरूरी
आमतौर पर वीकेंड को लेकर आपके और आपके साथी की विपरीत उम्मीदें हो सकती हैं। ऐसे में वीकेंड के शुरू होने से पहले ही इस बारे में बात कर लें। महिलाएं इस दौरान काम निपटाने की सोचती हैं तो पुरुष घूमने की। ऐसे में योजना पर पानी फिर जाता है।
साथी को समय दें
वीकेंड को खुशनुमा बनाने के लिए साथी को समय देना भी जरूरी है। दोनों साथ में रोमांटिक डिनर की योजना बना सकते हैं या फिर शाम को कहीं घूमने जा सकते हैं। वीकेंड पर अपने साथी के पसंद का खाना भी बनाया जा सकता है, ताकि उसे अच्छा लगे।
बच्चों से मांगें आइडिया
शनिवार की सुबह ही आप पूरे परिवार के साथ बैठकर वीकेंड को एंजॉयफुल बनाने के आइडियाज ले सकते हैं। इसमें बच्चों को भी शामिल करें और उनकी इच्छाओं को जानें। इन दौरान बाहर घूमने के प्लान के अलावा शॉपिंग पर भी जाया जा सकता है।
समय का पूरा फायदा उठाएं
आपका आने वाला वीकेंड व्यस्त रहने वाला है, इसका यह मतलब नहीं है कि आप वीकेंड को एंजॉय करना ही भूल जाएं। आप वीकेंड पर अपने साथी के साथ छोटे-छोटे पलों को भी एंजॉय कर सकते हैं, जैसे साथ में कुकिंग करना, बच्चों के लिए कुछ खास बनाना या फिर आपस में मिलकर घर की साफ-सफाई करना। इससे भी परिवार के साथ अच्छा समय बिताया जा सकता है और एंजॉय भी किया जा सकता है।
अपने लिए भी समय निकालें
यह कोई जरूरी नहीं है कि वीकेंड का पूरा समय आप अपने परिवार को ही दें। कुछ घंटे आप अपने लिए भी निकाल सकते हैं। इस दौरान आप अपनी पसंद की किताब पढ़ सकते हैं या फिर अपनी हॉबी को भी समय दे सकते हैं। अपने दोस्तों के साथ कॉफी या फिर वीडियो गेम के मजे भी लिए जा सकते हैं। आप अपने खास दोस्तों के साथ कहीं पार्टी भी कर सकते हैं। इससे आपको काफी अच्छा लगेगा।