
Govardhan Puja: दीपोत्सव में लक्ष्मी पूजन के बाद अब धार्मिक आस्था, पारंपरिक अनुष्ठानों और पारिवारिक रिश्तों से जुड़े पर्वों की बारी है। सोमवार को सुबह सोमवती अमावस्या मनाई गई। भक्तों ने नदियों में पवित्र स्नान के बाद भगवान शिव की आराधना की और यथाशक्ति दान दिया। सोमवती अमावस्या के बाद मध्यान्ह से गोवर्धन पूजा पर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और अन्नकूट के आयोजन प्रारंभ हो चुके हैं। हालांकि अधिकांश स्थानों पर गोवर्धन पूजा और अन्नकूट उत्सव मंगलवार को मनाया जाएगा।
सोमवती अमावस्या पर स्नान-दान
दिवाली के अगले दिन सोमवार को सुबह सोमवती अमावस्या का संयोग बना। साल की यह एकमात्र सोमवती अमावस्या है। कार्तिक माह में आने से इसका महत्व और बढ़ गया है। कार्तिक माह स्नानदान के लिए विशेष शुभ माना जाता है। ऐसे में सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने सुबह स्नान कर भगवान शिव की भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की और दान-पुण्य किया। महिलाओं ने परिवार की सुख- समृद्धि और मंगलकामना के लिए धार्मिक अनुष्ठान किया। पीपल पूजन और परिक्रमा की परंपरा भी निभाई। इस मौके पर मंदिरों में विशेष पूजा और अभिषेक के आयोजन हुए।
गोवर्धन पूजा की धूम
अमावस्या तिथि खत्म होने और कार्तिक शुक्ल की प्रतिपदा तिथि लगने के साथ ही मध्यान्ह के बाद गोवर्धन पूजा पर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की जा रही है। ज्योतिर्विद पं. आनंदशंकर व्यास के अनुसार अन्नकूट महोत्सव एवं गोवर्धन पूजा सोमवार को मनाना उचित रहेगा। 10 नवंबर मंगलवार को प्रतिपदा (1) 18 घटी से न्यून है, अत: सोमवार को ही गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव रहेगा।
तिथि भेद के कारण इस बार गोवर्धन पूजा महोत्सव सोमवार के साथ ही मंगलवार के दिन भी मनाया जाएगा। घरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर विधि-विधान से पूजन होगा। मंदिरों में भगवान को विभिन्न पकवानों का भोग लगाकर अन्नकूट उत्सव मनाया जाएगा। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण से परिवार की खुशहाली और प्रकृति की समृद्धि की कामना करेंगे। कई स्थानों पर सामूहिक पूजा, भजन-कीर्तन और प्रसादी वितरण के आयोजन भी होंगे। इस दिन भगवान को मौसमी सब्जियों, मिठाइयों और विविध व्यंजनों का भोग लगाने की परंपरा है।