धर्म

Goddess Lakshmi- ऐसे लोगों के पास कभी नहीं टिकती लक्ष्मी

जानें कौन से लोग कभी सुखी नहीं हो पाते और हो जाते हैं कंगाल

3 min read
Jan 16, 2022
how to become rich
how to become rich

जीवन में हर व्यक्ति की इच्छा होती है कि उसका जीवन धन-धान्य से परिपूर्ण होते हुए खुशहाल रहे, इसके लिए व्यक्ति हरसंभव प्रयास भी करता है। वहीं जीवन में आर्थिक समस्याओं को खुद से दूर रखने के लिए लोग जी तोड़ मेहनत भी करते हैं। लेकिन कई बार ये सब करने के बाद भी जीवन में खुशहाली नहीं आती है।

पंडित एके शुक्ला के अनुसार इसके कारण गरुड़ पुराण में दिए गए हैं, गरुड़ पुराण के अनुसार इसका कारण इंसान के अपने कर्म होते हैं। वहीं गरुड़ पुराण के मुताबिक अपनी ही कुछ गलतियों के कारण इंसान जीवन में सुखी नहीं रह पाता है।

- गरुड़ पुराण के मुताबिक व्यक्ति को रात में भूलकर भी दही नहीं खानी चाहिए, हालांकि दही सेहत के लिए अच्छा होता है, लेकिन रात में इसके सेवन से आयु का नाश होता है।

- अधिकांश देखा जाता है कि अमीर लोग दूसरों को नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं। गरुड़ पुराण के मुताबिक यह एक प्रकार का पाप है। जो लोग ऐसा करते हैं या धन के घमंड में रहते हैं, उनसे धन की देवी लक्ष्मी दूर चली जाती हैं।

- गरुड़ पुराण के अनुसार ही वह लोग भी कभी खुश नहीं रह पाते, जो धन का लालच करते हैं। इसके अलावा दूसरों के धन को हड़पने की कोशिश करने वाले इंसान को भी किसी जन्म में संतुष्टि नहीं मिलती है।

- दूसरों की निंदा या आलोचना करना भी गरुड़ पुराण के मुताबिक पाप है। गरुड़ पुराण के अनुसार व्यक्ति को हमेशा केवल अपने काम से मतलब रखना चाहिए। निंदा या आलोचना करने वाले लोग जीवन में सफल नहीं हो पाते।

- इंसान को हमेशा गरुड़ पुराण के अनुसार साफ-सुथरे कपड़े ही पहनना चाहिए। इसका कारण यह है कि जो व्यक्ति ऐसा नहीं करते हैं उसके जीवन में हमेशा धन का कमी बनी रहती है। जिसके चलते ऐसे व्यक्तियों के पास क्षण भर भी लक्ष्मी नहीं ठहरती हैं।

इसके अलावा पंडित सुनील शर्मा के अनुसार हिन्दू धर्म में जीवन जीने का आधार रामायण या राम चरित मानस को माना जाता है। एक ओर रामायण जहां हमें जीवन जीने की सही दिशा दिखाती है, वहीं रामायण ही हमें जिन्दगी के हर पल में हमें जीवन को आदर्श और धर्म के अनुसार जीने के लिए प्रेरित करती है।

इसके अलावा यदि धर्मग्रथों की बात की जाए, तो इनमें भी इस बात का उल्लेख किया गया है कि कुछ लोगों के पास धन क्यों नहीं रुकता है। इसका कारण आपका लालच माना गया है। ये कहावत तो आप लोगों ने सुनी ही होगी कि लालच बुरी बला है, इसलिए लालच छोड़, आपको धर्म का अनुसरण करना चाहिए।

- आपका जीवन साथी यदि सही नहीं है, तो आपके पास लक्ष्मी कभी नहीं रुकेंगी। इसका कारण यह है कि मान्यता के अनुसार जो लोग अपने जीवन साथी को धोखा देते हैं उनके पास लक्ष्मी कभी भी निवास नहीं करती हैं।

- यह भी माना जाता है घमंडी व्यक्ति के पास धन कभी नहीं होता। वहीं यदि ऐसे व्यक्ति के पास धन होता भी है तो वो भी बहुत जल्द ही क्षय हो जाता है। धन को अपने पास रखने के लिए मनुष्य को घमंड का त्याग करना चाहिए।

- इसके अलावा देवी लक्ष्मी उन घरों में भी कभी निवास नहीं करती हैं, जिन घरों में मादक चीजों का सेवन किया जाता है। ऐसे में उचित होगा कि यदि आपके अंदर भी ऐसी कोई बुरी आदत है, तो उसे अभी छोड़ दीजिए। जिससे आप पर मां लक्ष्मी की कृपा हमेशा बनी रहे।