
सीबीएसई ने 12वीं कक्षा के परिणाम जारी कर दिए हैं। इस वर्ष समय से पहले ही सीबीएसई ने रिजल्ट जारी कर दिया है। 12वीं कक्षा में कुल 87.98 प्रतिशत छात्र पास हुए। छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट या डिजिलॉकर की मदद से देख सकते हैं।
इस वर्ष भी सीबीएसई 12वीं कक्षा में लड़कियों ने बाजी मारी है। लड़कियों का पास प्रतिशत 91.52 रहा। जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 85.12 फीसदी रहा। लड़कों के मुकाबले 6.40 फीसदी ज्यादा लड़कियां पास हुई हैं। देश भर में त्रिवेंद्रम सबसे आगे है। यहां का पास प्रतिशत 99.91 है।
सीबीएसई ने इस वर्ष भी टॉपर लिस्ट नहीं जारी की है। मालूम हो कि पिछले वर्ष भी 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं की मेरिट लिस्ट व टॉपरों की लिस्ट (CBSE Topper List 2024) जारी नहीं की थी। छात्रों की फर्स्ट, सेकेंड और थर्ड डिवीजन की जानकारी भी नहीं दी गई थी।
छात्र एवं छात्राएं छह अंकों के सिक्योरिटी पिन की मदद से डिजिलॉकर पर अपना परिणाम चेक कर सकते हैं। साथ ही वे मार्कशीट कम सर्टिफिकेट और माइग्रेशन सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकेंगे। यह छह अंकों का पिन उन्हें स्कूल की ओर से उपलब्ध कराया जाएगा।