
Rewa News :मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के बाद अब उससे सटे रीवा में भी एमडी ड्रग्स के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई की गई है। बताया जा रहा है कि, पुलिस ने लालगांव चौकी के सोनवर्षा गांव में दबिश देकर दो आरोपियों को भी ड्रग्स के साथ पकड़ा है। जब्त की गई एमडी ड्रग्स की कीमत 10 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। जानकारी ये भी सामने आई है कि, कुछ घंटों पहले मऊगंज से पकड़े गए 1 करोड़ की एमडी ड्रग्स फैक्ट्री चलाने वाले मुख्य आरोपी चंदन सिंह के गांव में ये कार्रवाई की गई है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि, पकड़े गए दोनों आरोपी महाराष्ट्र के नागपुर और मुंबई में इस ड्रग्स की सप्लाई करते थे। फिलहाल, इस मामले में पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाली है, जिसमें बड़े नेटवर्क का खुलासा होने का अनुमान है।
विंध्य क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ रीवा पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है, जिनसे 10 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत की एमडी ड्रग्स बरामद की गई है। गढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली लालगांव चौकी के सोनबरसा गांव में ये कारर्वाई की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर पुलिस पूरे गिरोह की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि, रीवा रेंज के आईजी गौरव राजपूत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, संबंधित गांव में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ रखा है, जिसे महाराष्ट्र भेजने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही आईजी के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गढ़ थाना और लालगांव चौकी पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपए से अधिक है।
शुरुआती तफ्तीश में पता चला है कि, पुलिस द्वारा पकड़ी गई खेप को महाराष्ट्र के मुंबई और नागपुर भेजी जानी थी। पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लेकर पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ड्रग्स की आपूर्ति कहां से की जा रही थी, किन राज्यों तक इसका नेटवर्क फैला है और इस अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही फंडिंग और सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है।
रीवा पुलिस के अनुसार, विंध्य क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ये अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। इस कार्रवाई से ड्रग तस्करी के नेटवर्क को सबसे बड़ा झटका लगा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि, युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अभियान लगातार चलता रहेगा। फिलहाल, आगामी जांच के आधार पर अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जा सकती है।