रीवा

डाकघरों में अब मिलेगी बैंकों से बेहतर सुविधाएं, खाताधारकों के लिए बड़ी राहत

एक सितंबर को होगा उद्घाटन...
2 min read
• •
Updated: 29 Aug 2018, 2:49 PM IST
Account holder get India Post Payment Bank facility Rewa Post Office
Account holder get India Post Payment Bank facility Rewa Post Office

रीवा। डिजिटल इंडिया के तहत अब डाकघरों में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की सुविधा मिलेगी। सुविधा के मद्देनजर डाक विभाग की ओर से जारी तैयारी कर ली गई है। बाकी है तो केवल उद्घाटन करना। एक सितंबर को उद्योग मंत्री के उद्घाटन के साथ ही सुविधा शुरू हो जाएगी।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का दिल्ली से होगा सीधा प्रसारण
पेमेंट बैंक की सुविधा वैसे तो सभी डाकघरों में शुरू किया जाना है लेकिन प्रथम चरण में प्रधान डाकघर के अलावा बाणसागर कॉलोनी, लक्ष्मणपुर, खौर व कनौजा के उप डाकघरों में बैंक की सुविधा शुरू कर दी जाएगी। डाक विभाग के संभागीय अधीक्षक एके जैन के मुताबिक, उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की ओर से दिल्ली में किए जाने वाले उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया जाएगा।

व्यापारिक बैंकों की तरह मिलने लगेगी नेट बैंकिंग की सुविधा
अधीक्षक के मुताबिक पेमेंट बैंक की सुविधा के शुरू होने के बाद छोटे खातेदारों को डिजिटल लेन-देन में काफी सुविधा मिलेगी। खाताधारक बिजली बिल, टेलीफोन बिल का भुगतान नेट बैंकिंग के जरिए कर सकेंगे। किसान क्रेडिट कार्ड के लाभ का भुगतान भी डिजिटल तरीके से कर सकेंगे।

खाताधारकों को डोर टू डोर सुविधा भी मिलेगी
अधिकारियों के मुताबिक पेमेंट बैंक सेवा के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीण डाक सेवक गांवों में जाकर छोटे खातेदारों को घर पर ही 5 हजार रुपए तक का भुगतान कर सकेंगे। इस तरह से योजना के तहत विभाग की ओर से यह सुविधा डोर-टू-डोर स्टैप ट्रांजेक्शन के तहत भी किया जा सकेगा।

ऑडिटोरियम में होगा उद्घाटन कार्यक्रम
पेमेंट बैंक योजना का उद्घाटन कार्यक्रम कृष्णा-राजकपूर ऑडिटोरियम में किया गया है। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री के अलावा महापौर ममता गुप्ता अतिथि के रूप में उपस्थित होंगी। इसके अलावा विभाग के जिला प्रशासन के साथ विभागीय अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित होंगे। उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की ओर से दिल्ली में किए जाने वाले उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया जाएगा।

Published on: