
रीवा। शहर में एटीएम कार्ड बदलकर ग्राहकों के पैसा निकालने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। बदमाश कई दिन से जिले में वारदात को अंजाम दे रहे थे। वे एटीएम कार्ड के जरिए पैसा निकालकर अब अय्याशी करने मुंबई जाने वाले थे, लेकिन इसी बीच पुलिस के हत्थे चढ़कर जेल पहुंच गए। पुलिस ने ९ बदमाशों को गिरफ्तार किया है, इनमें से आठ आरोपी उत्तर प्रदेश के हैं। अभी गिरोह का मास्टर माइंड फरार है।
इस तरह करते थे ठगी
आरोपी पहले एटीएम में घुसकर उसको हैंग करते थे। इसके बाद लोग जब पैसा नहीं निकलने पर परेशान होते थे तो मदद के बहाने कार्ड मांगकर झांसा देते हुए खाते से राशि निकाल लेते थे। पुलिस ने गिरोह के ९ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने ३० घटनाओं को करना कबूल किया है। इनमें कुल ११ लाख रुपए की राशि खाते से निकलना बताई जा रही है। आरोपियों के पास से अलग-अलग बैंकों के २९ एटीएम और बोलरो, कार, दो बाइक सहित एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस जब्त किया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
सीसीटीवी कै मरा से मिले लीड
पुलिस अधीक्षक ललिल शाक्यवार ने गिरोह का खुलासा करते हुए बताया कि समान थाने दर्ज मामले में एटीएम के सीसीटीवी कैमरा फुटेज के आधार पर नया बस स्टैंड समान चौक एटीएम के पास से आरोपी अतुल पटेल निवासी घोपी मनगवां, रवि यादव प्रतापगढ़ यूपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने गिरोह के कई सदस्यों के नाम बताए। इनके खिलाफ लौर, मनगवां, सिविल लाइन थाने में दर्ज कई मामलों में पैसा निकालना कबूला है। पुलिस आरोपियों के बैंक खाते फ्रीज कर अन्य जानकारी जुटाने में लगी है।
इन 9आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने एटीएम बदलकर पैसा निकालने वाले अनिल सिंह निवासी प्रतापगढ़, मो. वसीम खान प्रतापगढ़, रजनीश सिंह इलाहाबाद, राजेन्द्र सिंह, अंकित खंडेलवाल प्रतापगढ़, मो. कयूम खान मिर्जापुर, मंजूर अली कानपुर, रवि यादव प्रतापगढ़ को पकड़ा है। इसके अतिरिक्त रीवा से अतुल पटेल को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह मास्टरमाइंड संगम सिंह यूपी का है।
ऐसे बनाते थे लोगों को शिकार
आरोपियों ने बताया कि वह पहले एटीएम में जाकर तकनीकी माध्यम से उसे हैंग कर देते थे। जब लोगों का एटीएम से पैसा नहीं निकलता था तो वे मदद के बहाने एटीएम का पासवर्ड पूछकर कार्ड बदल लेते थे। इसके बाद ग्राहक के जाने पर उसके खाते से पैसा निकाल लेते थे।
पुलिस ने गठित की थी टीम
एटीएम व खातों से ठगी की मिल रही शिकायतों को लेकर एसपी ने एएसपी आशुतोष गुप्ता के नेतृत्व थाना प्रभारी समान प्रभात शुक्ला, मनगवां थाना प्रभारी यूबी सिंह, सहायक निरीक्षक शिवपूजन एवं साइबर सेल प्रभारी गौरव मिश्रा को संयुक्त टीम गठित की थी। इस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को पकड़ा।