रीवा

अल्प वर्षा के चलते सूखाग्रस्त घोषित करने विधायक ने उठाई मांग, जानिए और क्या मांगी राहत

-मऊगंज विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, कहा क्षेत्र में बारिश कम होने से खेती प्रभावित
2 min read
Oct 07, 2018
rewa
congress mla sukhendra singh mauganj rewa

रीवा. जिले में इस वर्ष हुई अल्प वर्षा के चलते फसलों को नुकसान पहुंचा है। मऊगंज के विधायक सुखेन्द्र सिंह बन्ना ने मांग उठाई है कि उनके विधानसभा क्षेत्र के हनुमना एवं मऊगंज की तहसीलों में सबसे अधिक प्रभाव पड़ा है। खरीफ की फसल का नुकसान होने के साथ ही रबी की फसल की बोनी भी प्रभावित होगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विधायक ने कहा, इसके लिए मुख्यमंत्री और कलेक्टर को पत्र लिखकर मांग उठाई है कि सर्वे कराया जाए और सूखाग्रस्त घोषित कर किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि खेती के साथ ही पेयजल का भी संकट उत्पन्न होगा। इस कारण सरकार को अभी से इसकी व्यवस्था बनाना चाहिए। आचार संहिता के बीच आर्थिक राहत के सवाल पर कहा कि इससे हर कोई प्रभावित है, क्षेत्र के लोगों का भला होना चाहिए, यह सरकार को तय करना है कि किस तरह से राहत पहुंचाई जा सकती है।

बोले, किसानों का मामला है चुनाव से न जोड़ा जाए
चुनाव के समय किसानों का मामला उठाए जाने पर पूछे गए सवाल पर विधायक सुखेन्द्र सिंह बन्ना ने कहा है कि वह स्वयं एक किसान हैं इस कारण पीड़ा को समझते हैं और सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग उठा रहे हैं। इसे चुनाव या राजनीतिक मुद्दे से नहीं जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन सर्वे नहीं कराता तो आंदोलन भी करेंगे।

सीएम चाहे जो भी मऊगंज जिला बनाना पड़ेगा
मऊगंज को जिला बनाने के आंदोलन के सवाल पर विधायक ने कहा, क्षेत्र के लोग चाहते हैं कि जिला बने तो चाहे जो भी प्रदेश का सीएम होगा, उसके सामने यह मांग पुरजोर तरीके से रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांगे्रस पार्टी की सरकार बनने जा रही है, सीएम चाहे अजय सिंह, कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया या फिर अन्य कोई बने। मऊगंज को जिला बनाने के लिए पुरजोर तरीके से अपनी बात रखेंगे।

Published on:
07 Oct 2018 12:11 pm