
रीवा. GOOD NEWS: MP के रीवा जिले में Recovery rate में वृद्धि दर्ज की गई है। ऐसा शासन-प्रशासन की तमाम बंदिशों के चलते हुई है। दरअसल जिले में 15 अप्रैल से ही कोरोना कर्फ्यू लागू है। सामाजिक समारोह व वैवाहिक समारोह पर भी 30 मई तक रोक लगी है। इसका नतीजा अब सामने आने लगा है।
कोरोना संक्रमण के पॉजिटिविटी रेट में 28 अप्रैल के बाद से ही लगातार गिरावट शुरू हो गई थी। 28 अप्रैल को पॉजिटिविटी रेट 23 फीसद था जो 11 मई को घटकर 17.2 प्रतिशत हो गया है। कोरोना के कुल मामलों में भी गिरावट जारी है। पिछले 10 दिनों से जिले में 300 से अधिक पॉजिटिव केस प्रतिदिन मिल रहे थे। लेकिन यह आंकड़ा भी पिछले तीन दिनों से 300 से नीचे आ गया है। जिले में 9 मई को 1523 कोरोना नमूनों की जांच में 263 पॉजिटिव मिले, अगले दिन 10 मई को 1459 नमूनों की जांच में 251 पॉजिटिव रोगी पाए गए, जबकि 11 मई को 1517 जांचों में 249 पॉजिटिव रोगी मिले हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एमएल गुप्ता के अनुसार कोरोना संक्रमित व्यक्तियों के रिकवरी रेट में भी लगातार वृद्धि हो रही है। जिले में 10 मई तक कोरोना के दो लाख 46 हजार 706 नमूनों की जांच की गई. जिसमें कुल 13 हजार 874 नमूने पॉजिटिव पाए गए। इनमें से 10 हजार 743 व्यक्ति उपचार के बाद पूरी तरह से स्वस्थ हो गए हैं। वर्तमान में 3066 कोरोना के एक्टिव केस हैं। हालांकि उपचार के दौरान अब तक 65 गंभीर रोगियों को नहीं बचाया जा सका।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कोरोना संक्रमितों का रिकवरी रेट 25 अप्रैल को 73.62 प्रतिशत था। इसमें लगातार वृद्धि दर्ज की गई। जिले में 5 मई को रिकवरी रेट 80.78 तथा 6 मई को 80.81 प्रतिशत रहा। इसमें कुछ दिनों तक गिरावट दर्ज की गई। जिले में 10 मई को रिकवरी रेट 76.3 प्रतिशत था. अब इसमें धीरे-धीरे वृद्धि हो रही है।
रिकवरी रेट 77.43 फीसद पर पहुंचा
जिले में 11 मई को रिकवरी रेट बढ़कर 77.43 हो गया है। कोरोना संक्रमण को रोकने के उपाय धीरे-धीरे अपना असर दिखा रहे हैं। हर व्यक्ति कोरोना से बचाव की सावधानी बरतकर तथा कोरोना कर्फ्यू के प्रतिबंधों का पालन करके संक्रमण की चेन तोड़ने में अपना योगदान दें। आम जनता के सहयोग से ही कोरोना संक्रमण को रोकने में सफलता मिलेगी।