रीवा

पत्नी की सच्चाई जानकर पिता ने अपने ही बेटे को किया किडनैप, वजह जान चौंक गई पुलिस

MP News: रीवा जिले में पत्नी की सच्चाई जानकर एक पिता ने अपने ही बेटे का अपहरण किया, वजह जान चौंक गई पुलिस।
2 min read
Mar 20, 2026
mp news crime
father kidnapped his own son पत्नी की सच्चाई जानकर पिता ने अपने ही बेटे को किया किडनैप (source: patrika)

MP News: रीवा जिले के सोहागी थाना क्षेत्र अंतर्गत त्योंथर चौकी इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के बाहर खेल रहा 7 वर्षीय मासूम अचानक लापता हो गया। पता चला एक वाहन में सवार होकर आए कुछ लोग उसे उठा ले गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हडक़ंप मच गया और पुलिस को तत्काल सूचना दी गई।

अगवा करने वाला निकला पिता

सूचना मिलते ही सोहागी थाना और त्योंथर चौकी पुलिस हरकत में आ गई। आसपास के क्षेत्रों में तुरंत नाकेबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। जवा पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से जनकहाई जंगल क्षेत्र में उक्त वाहन को रोका और बच्चे को बरामद किया। पूछताछ में पता चला बच्चे को अगवा कर ले जाने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका पिता है।

पारिवारिक विवाद का नतीजा

पुलिस के अनुसार यह अपहरण किसी बाहरी गिरोह द्वारा नहीं, बल्कि पारिवारिक विवाद का नतीजा था। पति-पत्नी के बीच चल रहे तनाव के चलते पिता ने ही बच्चे को अपने पास ले जाने के उद्देश्य से इस पूरी घटना की साजिश रची थी। पति से नाराज होकर पत्नी ने उससे रिश्ता तोड़ लिया और दूसरी जगह लबरपुरवा में रहने लगी है।

पूछताछ में मैहर निवासी नीरज गौतम ने पुलिस को बताया कि उसका और पत्नी का संबंध इनदिनों ठीक नहीं है। वह अलग रहने लगी है, इसलिए बच्चे की परवरिश ठीक तरीके से करने के लिए वह बच्चे को अपने साथ ले जाना चाह रहा था। नीरज का आरोप है कि पत्नी ने अलग विवाह भी कर लिया है, जिसके चलते बच्चे का भविष्य नए परिवार में सुरक्षित नहीं है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

ग्रामीणों ने वाहन में की तोड$फोड़

इनदिनों बच्चा चोरी गिरोह की अफवाहें भी खूब फैल रही हैं। ऐसे में दिन दहाड़े बच्चे को अगवा करने की घटना पर पूरे क्षेत्र में सनाका ङ्क्षखच गया। पुलिस की सूचना पर ही जनकहाई गांव में ग्रामीणों ने घेराबंदी कर रखी थी। जैसे ही उक्त वाहन आया तो उसकी जांच की गई तो बच्चा उसमें बैठा पाया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने पूछताछ किए बिना ही पहले बच्चे को अपने कब्जे में लिया और उसमें सवार लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। वाहन में भी तोड़फोड़ कर क्षति पहुंचाई गई। बताया गया है कि उक्त वाहन किराए पर लेकर नीरज गौतम आया था।

मामले की जांच की जा रही

एक बच्चे को अगवा करने की सूचना आई थी, जवा थाने की पुलिस के सहयोग से वाहन के साथ बच्चा भी बरामद कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछतांछ में अगवा करने वाला पिता बताया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। - पवन शुक्ला, थाना प्रभारी सोहागी

Updated on:
20 Mar 2026 02:39 pm
Published on:
20 Mar 2026 02:39 pm