
mp news आंसुओं के बीच बेटी ने दिया हायर सेकंडरी का पेपर( source: Patrika)
mp news:दतिया जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम देलुवा की बुधवार सुबह कभी नहीं भूल पाएगी 17 वर्षीय कृष्णा। जिस दिन उसके जन्मदिन पर घर में खुशियां होनी थीं, उसी दिन उसके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया। मंगलवार बुधवार की दरमियानी रात करीब उसकी मां, 38 वर्षीय सुख कुमारी पत्नी दयाराम प्रजापति ने घर के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के वक्त कृष्णा और उसका 8 वर्षीय भाई दूसरे कमरे में पढ़ाई कर रहे थे, जबकि पिता परिवार सहित उत्तर प्रदेश के समथर गांव गए हुए थे। देर रात जब कृष्णा पानी पीने उठी और मां को कमरे में नहीं देखा, तो तलाश करते हुए दूसरे कमरे में पहुंची। वहां मां को फंदे पर लटका देख वह चीख पड़ी और बेहोश हो गई। शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची इंदरगढ़ थाना पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विडंबना यह रही कि बुधवार को ही कृष्णा का जन्मदिन था और उसी दिन पीजी कॉलेज में केमिस्ट्री विषय में इंटर का पेपर भी हल करना था। मां के निधन से टूटी कृष्णा ने परीक्षा न देने की बात कही, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने समझाया कि यही मां का सपना था। आंसुओं के बीच उसने साहस जुटाया और परीक्षा देने पहुंची। मजदूरी कर परिवार चलाने वाले दयाराम और घर में भैंस पालकर दूध बेचने वाली सुखमारी के तीन बच्चे हैं। अचानक उठाए गए इस कदम ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुख कुमारी ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है।
मामले की विवेचना की जा रही है। पीएम रिपोर्ट के बाद आत्महत्या के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।- गौरव शर्मा, थाना प्रभारी इंदरगढ़
Updated on:
19 Feb 2026 09:49 am
Published on:
19 Feb 2026 09:49 am
