रीवा

Rewa News: तीन साल का बेटा रोता रहा, पिता ने मां को पुल से दिया धक्का

Attempt to Murder: पहले आरोपी पति ने पत्नी को पुल से नदी में फेंका, जिंदा बचने पर गले में शराब की केन से किया हमला, महिला का गंभीर हालत में अस्पताल में चल रहा इलाज, आरोपी पति व उसका साथी गिरफ्तार।
3 min read
Jul 31, 2026
rewa
Husband Arrested After Alleged Bridge Attack on Wife, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर

Rewa Attempt to Murder: मध्यप्रदेश के रीवा से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां पत्नी से चल रहे विवाद में आरोपी पति ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पत्नी को पुल से नीचे नदी में फेंक दिया। जब पत्नी बच गई तो आरोपी पति ने पत्नी के गले पर शराब की केन से हमला किया, महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सोनौरी स्थित नैना नदी पुल की बताई जा रही है। इस पूरी घटना के दौरान तीन साल का बेटा भी मौके पर मौजूद था जो रोता रहा लेकिन निर्दयी पिता को बेटे या पत्नी किसी पर भी तरस नहीं आया। पुलिस ने आरोपी पति व उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।

करीब दो साल से पति से अलग रह रही थी पत्नी

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी सतीश पिता रमाशंकर 28 वर्ष निवासी शंकरगढ़ का अपनी पत्नी के साथ विवाद चलता था, इसी कारण पत्नी करीब दो साल से उससे अलग रह रही थी। कुछ दिन पहले ही पत्नी बेटे के साथ पंजाब से शंकरगढ़ अपनी सहेली के घर आई थी। उसे 28 जुलाई को वापस पंजाब जाना था, लेकिन वो ट्रेन चूक गई और इसी कारण उसने पति सतीश से प्रयागराज स्टेशन तक छोड़ने के लिए मदद मांगी थी।

बेटे के सामने पत्नी को पुल से दिया धक्का

आरोपी पति सतीश पत्नी को प्रयागराज रेलवे स्टेशन छोड़ने का झांसा देकर शंकरगढ़ से बाइक में बेटे के साथ बैठाकर निकला। वो पत्नी व बेटे को प्रयागराज ले जाने के बजाए सोहागी होते हुए सोनौरी में स्थित नैना नदी पुल पर ले गया। 28 जुलाई की रात करीब 11 बजे प्लानिंग के तहत आरोपी पति ने पुल पर बाइक रोकी और पत्नी से विवाद करने लगा और इसी दौरान पत्नी को पुल से नीचे धक्का दे दिया। इसी दौरान आरोपी पति का एक साथी भी प्लानिंग के तहत मौके पर पहुंच चुका था।

पत्नी बचकर आई तो गले पर किया हमला

नदी में पानी कम होने के कारण महिला की जान बच गई और कुछ देर बाद वो जैसे-तैसे फिर से पुल पर चढ़कर वापस आई तो आरोपी पति ने जेब में रखी शराब की केन के नुकीले हिस्से से उसके गले पर हमला कर दिया और साथी के साथ मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद तीन साल का बेटा रो रहा था और इसी दौरान दो राहगीर अपनी-अपनी बाइक से पुल से गुजर रहे थे। राहगीर बच्चे को रोता देख रुके तो देखा कि महिला खून से लथपथ पड़ी है। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां अब भी उसका इलाज चल रहा है।

पति व दोस्त गिरफ्तार, बाइक बरामद

घायल महिला के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति व उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी पति सतीश कुमार व उसके साथी दीपक को गिरफ्तार कर उनके पास से वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है। सोहागी थाना प्रभारी कमलेश साहू ने बताया कि युवती ने आरोपी प्रेम विवाह किया था लेकिन आरोपी से उसका मनमुटाव हो गया और वह अलग रहती थी। आरोपी उसको दोस्त के साथ प्रयागराज रेलवे स्टेशन पहुंचाने के बहाने से ले जा रहा था और नैना नदी पुल में लाकर उस पर हमला कर दिया था। घटना को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में जो तथ्य सामने आऐंगे उस आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
31 Jul 2026 10:19 pm
Published on:
31 Jul 2026 10:19 pm