रीवा

MP News: शादी के 18 दिन बाद उजड़ा सुहाग, युवक ने की आत्महत्या

MP News: 20 अप्रैल को हुई थी धूमधाम से शादी, हाथों की मेहंदी छूटने से पहले 8 मई को युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

2 min read
May 09, 2026
man dies by suicide 18 days after marriage (source- patrika)

MP News: मध्यप्रदेश के रीवा जिले में एक युवक ने शादी के 18 दिन बाद घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हाथों की मेहंदी छूटने से पहले ही सुहाग उजड़ने से नवविवाहिता व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना जिले के सेमरिया थाने के बरौं गांव की है। मृतक युवक के परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर मारपीट करने और छीनाझपटी करने के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि मारपीट और छीनाझपटी की घटना से दुखी होकर ही बेटे ने आत्महत्या की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें

KBC में 50 लाख जीतने वाली महिला तहसीलदार को मिली जमानत, 44 दिन बाद जेल से रिहाई

फांसी लगाकर की खुदकुशी

सेमरिया थाने के बरौं गांव निवासी विद्रयांशू सोंधिया पिता सियाशरण सोंधिया 27 वर्ष ने शुक्रवार को अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के समय परिजन अपने-अपने काम में व्यस्त थे। उसी समय युवक विद्रयांशू कमरे में गया और खुदकुशी कर ली। जब परिजन कमरे में पहुंचे तो उसे फंदे में लटकता देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों ने तत्काल विद्रयांशू को फांसी के फंदे से नीचे उतारा और तुरंत गंभीर हालत में उसे संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और उसकी मौत हो गई। विद्रयांशू की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजन सदमे में हैं।

गांव के युवकों पर मारपीट करने का आरोप

मृतक विद्रयांशू के परिजनों ने गांव के कुछ युवकों पर मारपीट और रुपए छीनने का आरोप लगाया है। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को ही विद्रयांशू अपने गांव में किसी काम से जा रहा था जहां कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की और बाद में उसके रुपए छीन लिए। इस घटना के बाद विद्रयांशू घर आया और कुछ देर बाद कमरे में जाकर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों का कहना है कि मारपीट की घटना से दुखी होकर ही विद्रयांशू ने अपनी जान दी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरु की। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।

20 अप्रैल को हुई थी शादी

परिजनों ने बताया कि विद्रयांशू की शादी बीते महीने 20 अप्रैल को हुई थी। धूमधाम से शादी कर दुल्हन को घर लाए थे लेकिन उसके हाथों की मेहंदी छूटने से पहले ही ये घटना हो गई। विद्रयांशू के आत्महत्या करने के बाद उसकी नवविवाहिता पत्नी सदमे में है और परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें

कालसर्प दोष की पूजा कराने अमरावती से उज्जैन आ रहे युवक की मौत, तीन दोस्त बचे
Published on:
09 May 2026 08:43 pm
Also Read
View All