28 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रीवा में घर को बम से उड़ाने की साजिश, दीवार में मिला विस्फोटक

Explosives Found : देवतालाब इलाके से सामने आई खौफनाक घटना। डिटोनेटर में हुआ हल्का धमाका। अगर वो पूरी तरह ब्लास्ट होता तो पूरे घर को नुकसान होता। बीडीएस टीम ने विस्फोटक सामग्री जब्त कर जांच के लिए भेजी।
2 min read
Google source verification
Explosives Found

Explosives Found (घर को बम से उड़ाने की साजिश Photo Source- Patrika)

Rewa News :मध्य प्रदेश के रीवा जिले के देवतालाब कस्बे में बदमाशों ने देर रात एक घर को बम से उड़ाने की साजिश रची। आरोपियों ने घर की दीवार के पास विस्फोटक सामग्री लगाकर उसमें आग लगाई, लेकिन विस्फोट नहीं हुआ। सुबह जब परिजन की नजर दीवार पर लगी विस्फोटक सामग्री पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, देवतालाब में रहने वाले संगम साकेत के घर में बीती देर रात लोगों ने विस्फोटक सामग्री लगाई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि, आरोपियों ने विस्फोट कराने का प्रयास भी किया। डिटोनेटर में हल्का धमाका हुआ, लेकिन मुख्य विस्फोटक सक्रिय नहीं हो सका। रात के समय परिवार ने हल्की धमाके जैसी आवाज भी सुनी थी, लेकिन किसी अनहोनी की आशंका नहीं हुई। सुबह दीवार के पास जले निशान और विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

विस्फोटक सामग्री जब्त कर जांच के लिए भेजी गई

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी सची पाठक के नेतृत्व में लौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रीवा से बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर नमूने एकत्र किए। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपियों ने किस प्रकार के विस्फोटक का इस्तेमाल किया था।

दो दिन पूर्व हुआ था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि, दो दिन पहले पीड़ित परिवार का एक अन्य परिवार से विवाद हुआ था। उस समय पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत करा दिया था। अब पीड़ित परिवार ने उसी विवाद के आधार पर संबंधित लोगों पर संदेह जताया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और अभी किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।

पूरे घर को होता नुकसान

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यदि विस्फोट हो जाता तो मकान के साथ आसपास के घरों को भी भारी नुकसान पहुंच सकता था और जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

मामले को लेकर मऊगंज एसडीओपी सची पाठक का कहना है कि, एक घर की दीवार में विस्फोटक सामग्री मिली है। बीडीएस टीम को भी बुलाया गया था जो जांच कर बम के संबंध में जानकारी जुटा रही है। आरोपियों का जल्द पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।