
trs college munnabhai exam fraud case, भाई की जगह चचेरा भाई और जीजा की जगह साला परीक्षा देते पकड़ाए (source-patrika)
Rewa Munnabhai Exam Fraud Case : मध्यप्रदेश के रीवा शहर के शासकीय टीआरएस महाविद्यालय स्थित मध्यप्रदेश भोज (मुक्त) विश्वविद्यालय के परीक्षा केंद्र में शनिवार को दो फर्जी परीक्षार्थियों को दूसरे छात्रों की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी अपने रिश्तेदारों के स्थान पर सॉल्वर बनकर परीक्षा देने पहुंचे थे। कॉलेज प्रबंधन ने दोनों को पुलिस के हवाले कर उनके विरुद्ध एफआइआर दर्ज कराई है।
महाविद्यालय में शनिवार को मध्यप्रदेश भोज (मुक्त) विश्वविद्यालय की स्नातक एवं स्नातकोत्तर परीक्षाएं आयोजित की जा रही थीं। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चल रही थी। इसी दौरान केंद्र अधीक्षक एवं भोज अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. नागेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में नियमित जांच की गई। जांच के दौरान एमसीए प्रथम वर्ष के एक परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र पर संदेह होने पर पूछताछ की गई। पूछताछ में पता चला कि सज्जन सिंह चौहान की जगह उसका चचेरा भाई पुष्पराज सिंह चौहान, निवासी कमर्जी जिला सीधी परीक्षा दे रहा था।
पहले मामले के सामने आने के बाद परीक्षा केंद्र में सभी कक्षों की गहन जांच कराई गई। इस दौरान बीए प्रथम वर्ष (मेजर इतिहास) की परीक्षा में भी एक अन्य फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि हनुमना निवासी सुखेंद्र पटेल अपने जीजा रंजीत पटेल की जगह परीक्षा दे रहा था। महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र में नियमित पहचान सत्यापन और सघन जांच की जा रही है। इसी प्रक्रिया के दौरान दोनों फर्जी परीक्षार्थियों का मामला सामने आया।
फर्जी परीक्षार्थियों के पकड़ में आने के बाद अब उन मूल परीक्षार्थियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है, जिनकी जगह पर ये परीक्षा में शामिल हुए थे। महाविद्यालय प्रबंधन के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। साथ ही जिन मूल परीक्षार्थियों की जगह ये आरोपी परीक्षा दे रहे थे, उनके विरुद्ध भी विश्वविद्यालय के नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
27 Jun 2026 10:26 pm
बड़ी खबरें
View Allरीवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
