mp news: यूपी-एमपी बॉर्डर पर स्थित चाकघाट कस्बे का है वीडियो, वायरल वीडियो के आधार पर जांच मे जुटी पुलिस।
mp news: मध्यप्रदेश के रीवा में अत्यावश्यक सेवाओं के लिए निर्धारित हूटर नवाबी ठाठ का जरिया बन गया है। यूपी-एमपी सीमा पर स्थित चाकघाट कस्बे का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें हूटर लगी गाड़ी के बोनट पर बैठकर युवक बीयर पी रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद अब हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि इन युवकों की पहचान नहीं हो पाई है। वायरल वीडियो करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। गाड़ी पर एक पद की नेमप्लेट भी लगी है लेकिन उसे कवर से ढका गया है।
देखें वीडियो-
चाकघाट कस्बे के यूपी बॉर्डर में कुछ युवक जीप में सवार होकर आए थे जिसके ऊपर हूटर लगा हुआ था। उन्होंने गाड़ी को हाईवे के ठीक किनारे रोका और बीयर निकालकर पीने लगे। एक युवक तो गाड़ी के बोनट पर बैठकर बीयर पी रहा था। वाहन में एक पदप्लेट भी लगी हुई थी जिसको कवर से ढका गया था। जिस वक्त हूटर लगी गाड़ी के बोनट पर बैठकर युवक बीयर पी रहा था तभी किसी ने अपने मोबाइल से वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल वीडियो में एक युवक गाड़ी के बोनट पर बैठा तो नजर आ ही रहा है साथ ही एक अन्य युवक गाड़ी के गेट के पास हाथ में बीयर की बोतल लिए भी दिख रहा है।
वायरल वीडियो में वाहन का नंबर एमपी 19 जेड एल 849 नजर आ रहा है जबकि आखिरी का नंबर स्पष्ट नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि किसी अधिकारी के कार्यालय में प्राइवेट वाहन लगा हुआ है जिसको लेकर ड्राइवर अपने दोस्तों के साथ दारु पार्टी कर रहा था। यह वाहन काफी देर तक चाकघाट कस्बे में खड़ा रहा और बाद में बीयर पीने के बाद उसमें सवार युवक चले गए। हूटर लगे वाहन में यह नवाबी ठाठ देखकर लोग हैरान रह गए। बता दें कि ये पहली बार नहीं जब इस तरह से सरकारी कार्यालय में लगे प्राइवेट वाहन में शराबखोरी की गई हो, इससे पहले भी कई बार इस तरह के मामले सामने आते रहे हैं। पुलिस फिलहाल हूटर लगी गाड़ी के बोनट पर बैठकर शराब पीने वाले युवक की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर मामला संज्ञान में आया है, मामले की जांच की जा रही है।