रीवा

भाजपा विधायक के जन्मदिन पर हंगामा! बदमाश बोले- जनता के पैसों से गुलछर्रे उड़ाते हो विधायक जी?

MP News: मध्यप्रदेश के रीवा जिले के मनगवां से बीजेपी विधायक नरेंद्र प्रजापति ने खुद पर हमले का आरोप लगाया है।

less than 1 minute read
Jan 27, 2026

MP News: मध्यप्रदेश की रीवा जिले की मनगवां सीट से भाजपा विधायक नरेंद्र प्रजापति ने खुद पर हमला किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दो लोगों ने उनके साथ पहले गाली-गलौज की। जब आपत्ति जताई तो झूमाझटकी करने पर उतारू हो गए। इसके मुझे मारने के लिए भी दौड़ पड़े।

हालांकि, यह घटना 25 जनवरी की बताई जा रही है। उन्होंने मंगलवार को वीडियो जारी करके जानकारी दी।

जन्मदिन मनाते समय की बदसलूकी

विधायक नरेंद्र प्रजापति ने कहा कि 25 जनवरी को मनगवां विधानसभा के सूरानाथ हनुमान मंदिर परिसर में जन्मदिन मना रहे थे। उसी दौरान रिंकू सिंह और गुड्डू उर्फ गड़ासा शराब के नशे में धुत होकर पहुंचे थे। मेरे साथ पहले बदसलूकी की। इसके बाद मैनें रोका तो गाली-गलौज करने लगे। वहां मौजूद माता-बहनों के साथ अभ्रदता भी की।

'मेरे साथ कुछ भी हो सकता था'

विधायक ने बताया कि अगर मौके पर मेरे साथ कार्यकर्ता नहीं होते तो कुछ भी हो सकता था। कार्यकर्ताओं ने समय रहते दोनों आरोपियों पकड़ लिया।

इधर, एक कार्यकर्ता ने बताया कि आरोपियों ने पहुंचते ही विधायक को गालियां देना शुरु कीं। तभी एक आरोपी बोला- जनता के पैसों से गुलछर्रे उड़ाते हो। जनता का कोई ख्याल नहीं है। जन्मदिन पर ही इतना खर्च कर रहे हो। ये जनता की जेब से दोगे क्या विधायक जी? इसके बाद गालियां देने लगे और मारपीट की कोशिश की।

विधायक नरेंद्र प्रजापति का कहना है रिंकू और गुड्डू शातिर अपराधी हैं। दोनों के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं। हालांकि, पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरे की तलाश जारी है।

Published on:
27 Jan 2026 03:21 pm
Also Read
View All

अगली खबर