रीवा

NEET एग्जाम के बाद रीवा के परीक्षा केंद्र में लगी आग, CCTV समेत सबकुछ जल गया

NEET Exam Center Fire : NEET एग्जाम के बाद परीक्षा केंद्र में आग लग गई। शासकीय मार्तंड क्रमांक-2 स्कूल में आग लगने से हड़कंप मच गया।

2 min read
Jun 23, 2026
NEET Exam Center Fire
NEET Exam Center Fire (NEET एग्जाम के बाद परीक्षा केंद्र में आग Photo Source- Input)

Rewa news : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) संपन्न होने के महज कुछ घंटों बाद मध्य प्रदेश के रीवा में स्थित शासकीय मार्तंड क्रमांक-2 स्कूल में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से स्कूल में रखे कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कार्यालयीन सामग्री जलकर नष्ट हो गई है। बताया जा रहा है कि, घटना के दिन स्कूल प्रबंधन ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और दूसरे दिन सोमवार को इसकी जानकारी पुलिस और प्रशासन तक पहुंची, जिसके बाद मामले की जांच शुरु की जा सकी। फिलहाल, जांच की दृष्टि से आग लगने वाले कक्ष को सील कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 21 जून को विद्यालय में नीट परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा खत्म होने के बाद परीक्षा सामग्री जमा कराने के लिए अधिकांश स्टाफ विद्यालय से निकल चुका था। इसी दौरान परिसर में मौजूद एक कर्मचारी को विद्यालय भवन से धुआं उठता दिखा। कर्मचारी के अनुसार, इससे पहले कि, प्रबंधन कुछ पर्याप्त प्रतिक्रिया कर पाता संबंधित क्षेत्र से आग की लपटें उठना शुरु हो गईं, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और कार्यालय कक्ष में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।

शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका

मंगलवार तक हुई जांच में पता चला है कि, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट रहा था। आग लगने से विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे, एलईडी टीवी, एयर कंडीशनर, कंप्यूटर, सोफा समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए हैं।

रिकार्ड नष्ट करने की साजिश, प्रशासन का पुष्टि से इंकार

इस पूरे घटनाक्रम में राहत की बात ये रही कि, कुछ देर पहले हुई नीट परीक्षा से जुड़ी पूरी सामग्री कुछ देर पहले ही विद्यालय के संबंधित स्थान से हटाकर रवाना की गई थी, जिसके चलते सामग्री पूरी तरह सुरक्षित है। आग में सीसीटीवी कैमरों का रिकॉर्ड भी नष्ट होने की जानकारी सामने आई है। अब ये भी सवाल उठाए जा रहे हैं कि, सीसीटीवी रिकार्ड नष्ट करने की साजिश भी हो सकती है। हालांकि, प्रशासन ने प्रथम दृष्टया ऐसे किसी भी आरोपों की पुष्टि करने से इंकार किया है।

एक्सपायर मिले अग्निशामक यंत्र

जांच के दौरान ये भी सामने आया कि, विद्यालय में लगाए गए अग्निशामक यंत्र निर्धारित अवधि से काफी पहले एक्सपायर हो चुके थे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इन यंत्रों की वैधता फरवरी 2025 में समाप्त हो गई थी। आग लगने के समय ये उपकरण उपयोगी साबित नहीं हुए, जिससे नुकसान और बढ़ गया।

Published on:
23 Jun 2026 01:36 pm