Rewa Police- मध्यप्रदेश में ब्राह्मण बेटियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी का एक और मामला सामने आया है
Rewa Police- मध्यप्रदेश में ब्राह्मण बेटियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी का एक और मामला सामने आया है। प्रदेश के रीवा में एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने यह हरकत की है। उसने इंस्टाग्राम, यूट्यूब और फेसबुक पर पोस्ट की जिससे ब्राह्मण समाज गुस्सा उठा। इसे समाज की बेटियों के लिए अपमानजनक बताया। ब्राह्मण समाज ने विरोध जताया और तनाव बढ़ा तो यूट्यूबर ने पोस्ट से कुछ आपत्तिजनक शब्द हटा दिए पर माफी नहीं मांगी। इससे गुस्साए लोगों ने पुलिस में केस दर्ज करा दिया है। इधर लोगों के आक्रोश और गिरफ्तारी के डर यूट्यूबर भाग खड़ा हुआ। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
रीवा में सिविल लाइन पुलिस ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मनीष पटेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। ब्राह्मण समाज की शिकायत के बाद ये कार्रवाई की गई है। मनीष पटेल द्वारा यूट्यूब, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर की एक पोस्ट को लेकर ब्राह्मण समाज ने आक्रोश जताया। लोगों का आरोप है कि पोस्ट में ब्राह्मण बेटियों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। बताया जा रहा है कि जिले के कुछ अन्य थानों में भी यूट्यूबर पर शिकायतें दर्ज कराई गईं हैं। उसके खिलाफ जिलेभर में विरोध और आक्रोश जताया जा रहा है।
ईटौरा के आशीष तिवारी ने यूट्यूबर मनीष पटेल के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस में शिकायत की। इसपर पुलिस ने यूट्यूबर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 196(1)(ए) और 353(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मनीष पटेल फिलहाल फरार है।
ब्राह्मण समाज का कहना है कि पोस्ट में बेटियों की गरिमा गिराने की कोशिश की गई। यूट्यूबर मनीष पटेल ने विवाद बढ़ने के बाद पोस्ट से कुछ आपत्तिजनक शब्द हटा दिए थे। लेकिन उसने माफी नहीं मांगी। इससे लोगों की नाराजगी कम नहीं हुई। खास बात यह है कि मनीष पटेल पहले भी अपनी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में रहा है, उसकी कई शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। वह सेना के जवानों को लेकर भी आपत्तिजनक पोस्ट कर चुका है।