
Rewa news: एमपी के रीवा शहर को आज से भोपाल और कोलकाता से सीधी हवाई सेवा की सौगात मिली। अब रीवा एयरपोर्ट से दिल्ली, इंदौर और रायपुर के बाद कुल पांच शहरों के लिए सीधी उड़ान उपलब्ध हो जाएगी। दोनों नई सेवाएं एटीआर-72 विमान से संचालित होंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कोलकाता से विमान दोपहर 1 बजे रीवा पहुंचेगा और 1:30 बजे रीवा से भोपाल के लिए रवाना होगा। विमान 3:30 बजे भोपाल से चलकर 5 बजे रीवा पहुंचेगा। रीवा से शाम 5:30 बजे कोलकाता के लिए रवाना होगा और रात 8:40 बजे कोलकाता पहुंचेगा।
इस अवसर पर रीवा एयरपोर्ट परिसर में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि विंध्यवासियों ने हवाई सेवा का जो सपना वर्षों से देखा था, वह अब साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि रीवा से भोपाल और रीवा से कोलकाता की सीधी हवाई सेवा शुरू होने से पूरा विंध्य देश के बड़े महानगरों से हवाई संपर्क से जुड़ गया है। इससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ ही विकास की नई संभावनाएं पैदा होंगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उड़ान योजना के तहत रीवा एयरपोर्ट के विस्तार तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की नई विमानन नीति में हवाई सेवाओं के लिए अनुदान के प्रावधान से यह सुविधा संभव हुई है। इसके लिए पूरा विंध्य प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभारी है। उन्होंने कहा कि रीवा एयरपोर्ट की विकासगाथा डबल इंजन सरकार की सफलता का आदर्श उदाहरण है। एयर कनेक्टिविटी बढ़ने से विंध्य में पर्यटन, उद्योग, व्यापार और अन्य क्षेत्रों के विकास को गति मिलेगी। नई हवाई सेवाएं क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होंगी। समारोह में नगरीय विकास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, विंध्य क्षेत्र के सांसद, विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
-दिल्ली एलायंस एयर सप्ताह में 4 दिन
-रायपुर एलायंस एयर सप्ताह में 3 दिन
-भोपाल एलायंस एयर सप्ताह में 3 दिन
-कोलकाता एलायंस एयर सप्ताह में 3 दिना
-इंदौर के लिए इंडिगो की उड़ान रोज संचालित होती है। दिल्ली की सेवा सप्ताह में चार दिन और रायपुर की सेवा सप्ताह में तीन दिन चल रही है।