रीवा

रीवा में बड़ा हादसा, बस को बल्कर ने मारी टक्कर

Rewa Bus Accident: गुढ़ नेशनल हाईवे नंबर 39 पर रीवा से सीधी जा रही थी बस, बल्कर ने बस में मारी टक्कर, अब तक 5 यात्रियों की मौत की खबर, 23 लोगों के घायल होने की सूचना।
2 min read
Sep 02, 2026
rewa accidet
rewa bus accident bulker collision, एक्सीडेंट के बाद रोड पर लगी भीड़ (Source-Patrika)

Rewa Bus Accident: मध्यप्रदेश के रीवा जिले से बड़ी खबर है, रीवा सीधी मार्ग पर बुधवार शाम को भीषण सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार बल्कर ने बस को टक्कर मार दी जिसके बाद बस सड़क किनारे बने तालाब में पलट गई। हादसे में पांच यात्रियों की मौत हुई जबकि 23 लोग घायल बताए जा रहे हैं। रीवा से सवारी लेकर पवन ट्रेवल्स की बस बघोर जा रही थी। शाम करीब पांच बजे के लगभग बस जैसे ही बदवार बस स्टैंड के समीप पहुंचे तभी सामने आ रहे तेज रफ्तार बल्कर ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर काफी तेज थी, टक्कर के बाद में बस सड़क किनारे बने तालाब में जाकर पलट गई और टक्कर मारने वाला बल्कर भी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

चार यात्रियों की मौके पर 1 की अस्पताल में मौत

एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। बताया गया है कि हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। तत्काल एम्बुलेंस वाहनों से 23 घायलों को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल भिजवाया गया जहां गंभीर रूप से घायल एक यात्री की मौत हो गई जिससे मृतकों की संख्या पांच पहुंच गई हैं। घायलों में से तीन की हालत नाजुक बनी हुई है जिनका आईसीयू में इलाज चल रहा है।


बस में यात्रियों के दबे होने की आशंका पर तालाब में कराई गई सर्चिंग

इस हादसे के बाद बस के नीचे यात्रियों के दबे होने की आशंका जताई जा रही थी। पुलिस ने क्रेन बुलवाकर दुर्घटनाग्रस्त बस को उठवाया। बाद में एसडीआरएफ टीम को बुलवाकर तालाब में सर्चिंग कराई गई। उन्होंने आसपास का पूरा इलाका चेक किया लेकिन पानी में कोई यात्री नहीं मिला।

कलेक्टर-एसपी मौके पर

हादसे की सूचना मिलते ही रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरुकरण सिंह भी पहुंच गए थे। गुढ़ एसडीएम अखिलेश सिंह, तहसीलदार अरुण यादव, रायपुर कर्चुलियान थाना प्रभारी राजकुमार तिवारी सहित पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी राहत और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि बदवार बस स्टैण्ड के समीप बस और बल्कर वाहन के बीच टक्कर हुई है जिसमें पांच यात्रियों की मौत हुई है। तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू करवाया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया है। चिकित्सकों की देखरेख में घायलों का उपचार चल रहा है।

Updated on:
02 Sept 2026 08:49 pm
Published on:
02 Sept 2026 08:24 pm