25 जुलाई तक अंतिम मौका...
रीवा। निजी स्कूलों में आरटीइ के तहत आरक्षित सीटों के लिए अभिभावकों ने आवेदन तो कर दिया लेकिन अब बच्चों को प्रवेश दिलाने में रुचि नहीं ले रहे हैं। रीवा बीआरसीसी कार्यालय में अब तक सत्यापन कराने के लिए पहुंचे अभिभावकों की संख्या से ऐसी स्थिति बयां कर रही है। आरटीइ के तहत निजी स्कूलों में आरक्षित सीटों पर प्रवेश का हाल रीवा विकासखंड जैसा ही दूसरे विकासखंडों का भी है।
छात्रों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया शुरू
स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से नि:शुल्क प्रवेश के लिए सीट आवंटन के बाद प्रत्येक विकासखंड कार्यालयों में छात्रों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया शुरू हुई है। छात्र का स्कूल में प्रवेश दस्तावेज सत्यापन के बाद ही संभव होगा। सत्यापन की प्रक्रिया 12 जुलाई से शुरू है लेकिन रीवा विकासखंड में आवंटित सीट की तुलना में अब तक महज १० फीसदी अभिभावक सत्यापन करा सके हैं। दूसरे विकासखंड की स्थिति इससे भी ज्यादा खराब है।
200 तक नहीं पहुंची सत्यापन की संख्या
रीवा विकासखंड के 404 निजी स्कूलों में आरटीइ के तहत आरक्षित सीटों की संख्या 1762 है। लेकिन अभी तक प्रवेश के लिए सीटो का सत्यापन कराने वाले अभिभावकों की संख्या 200 तक भी नहीं पहुंची है। खुद अधिकारी इस बात को स्वीकार कर रहे हैं कि 12 जुलाई तक अब तक 175 अभिभावकों ने सत्यापन कराया है। हालांकि सत्यापन की अंतिम तिथि 25 जुलाई तक है।
पहले आवेदन में नहीं लिया रुचि
अभिभावकों ने पहले नि:शुल्क प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने में रुचि नहीं लिया। शासन स्तर से शुरू की प्रक्रिया में अभिभावकों की अरुचि को देखते हुए दो बार मौका दिया गया। लेकिन नतीजा सिफर रहा। यहां रीवा से आवेदकों की संख्या निर्धारित सीट से काफी कम रही।
जिले में सीट आवंटन की स्थिति
1137 निजी स्कूलों में आरटीइ के तहत सीट आरक्षित
12500 सीट नि:शुल्क प्रवेश के लिए उपलब्ध
7140 छात्रों के लिए आवंटित हुई है सीट
प्रवेश प्रक्रिया की निर्धारित तिथि
25 जुलाई तक हो सकेगा दस्तावेजों का सत्यापन
30 जुलाई तक निजी स्कूलों में ले सकेंगे प्रवेश