छात्रों को दी गई समझाइस....
रीवा। प्रवेश परीक्षा लेने के बाद अधर में लटका एमफिल में दाखिला छात्रों के आक्रोश का कारण बना हुआ है। अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में शुक्रवार को छात्रों ने आक्रोश जाहिर करते हुए कुलपति कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। छात्रों ने एमफिल में दाखिले की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। कुलपति को ज्ञापन सौंपते हुए छात्रों ने अन्य दूसरी समस्याओं का समाधान करने को भी कहा।
एबीवीपी के नेतृत्व में भारी संख्या में छात्रों ने किया धरना प्रदर्शन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों के नेतृत्व में प्रशासनिक भवन पहुंचे छात्रों ने कहा कि अधिकारियों की उदासीनता के चलते उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। इससे विश्वविद्यालय की साख को बट्टा लग रहा है।
धरनारत छात्रों को प्रभारी कुलपति ने दी समझाइस तब माने
मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे छात्रों को प्रभारी कुलपति प्रो. रहस्यमणि मिश्रा ने समझाइश देकर शांत कराया और ज्ञापन लेते हुए आश्वासन दिया कि वह समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों से बात करेंगे। कुलपति प्रो. केएन सिंह यादव से भी चर्चा करेंगे।
धरना प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ यह छात्र रहे शामिल
परिषद के नगर मंत्री शिवेश उपाध्याय के नेतृत्व में आयोजित धरना प्रदर्शन के दौरान विभाग संगठन मंत्री महेश कुमार के अलावा भास्कर मिश्रा, हिमांशु मिश्रा, एपीएस विवि छात्रसंघ अध्यक्ष दीपाली शुक्ला, निखिल सिंह, अंकित मिश्रा, सुजीत कुशवाहा, अभिनव मिश्रा, सत्यम पांडेय, रोहन तिवारी, आशीष कुशवाहा, अर्जुन, शिवम पाठक, दिवाकर व पंकज सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
छात्रों की मांगों में यह भी रहा शामिल, जल्द पूरा करने की मांग
- छात्र समस्या के लिए सिंगल विंडो की व्यवस्था जल्द से जल्द लागू की जाए।
- पीएचडी पाठ्यक्रम के प्रवेश के लिए जल्द से जल्द परीक्षा कराई जाए।
- विभागों में छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाया जाए।
- प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी कक्षाएं नियमित रूप से संचालित हों।