रीवा

टारगेट पूरा करने सरकार ने दे दी यह बड़ी छूट, जानिए कौन ले रहा लाभ

नगर निगम परिषद ने चार हजार रुपए निर्धारित किया है शुल्क
2 min read
Feb 25, 2018
muslim community celebrate eid milad un nabi
muslim community celebrate eid milad un nabi

रीवा। शहर में इनदिनों नल कलेक्शन दिए जाने के नाम पर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। जिस कंपनी को पेयजल व्यवस्था सौंपी गई है, उसके कर्मचारी मोहल्लों में यह कह कर कनेक्शन दे रहे हैं कि इसका कोई शुल्क नहीं लगेगा। एक सप्ताह से मुफ्त का आश्वासन देकर सबसे अधिक कनेक्शन वार्ड आठ, नौ एवं दस में किए जा रहे हैं, लेकिन हकीकत यह है कि बाद में शुल्क की वसूली की जाएगी।
अमृत योजना के तहत चार हजार रुपए नल कनेक्शन के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसका ठेका सीएमआर कंपनी को सौंपा गया है। कनेक्शन के लिए चार हजार रुपए का शुल्क निर्धारित किए जाने के बाद से लोगों ने कनेक्शन लेना बंद कर दिया है। नगर निगम ने कई बार शिविर लगाकर लोगों को प्रेरित करने का प्रयास किया लेकिन वह प्रयास नाकाम रहा।

बाद में शिविर लगाकर होगी वसूली
नगर निगम अधिकारियों का तर्क है कि चार हजार रुपए शुल्क होने की वजह से कम संख्या में लोग कनेक्शन के लिए आगे आ रहे हैं, इस कारण अभी उन्हें कनेक्शन देने के लिए कहा गया है। जिसमें सारे दस्तावेज लिए जा रहे हैं। राशि बाद में शिविर लगाकर वसूली जाएगी। इसमें गरीब परिवारों को किश्तों में राशि देने की छूट दी जा रही है। इस तर्क के विपरीत लोगों के बीच यह संदेश दिया जा रहा है कि नल कनेक्शन निगम मुफ्त में करा रहा है केवल पानी का बिल हर महीने भुगतान करना होगा।

पार्षदों को नहीं दी कोई सूचना
जिन वार्डों में बिना शुल्क जमा कराए नल कनेक्शन दिए जा रहे हैं वहां के पार्षदों को किसी तरह की सूचना नगर निगम की ओर से नहीं दी गई है। इस वजह से पार्षद अनजान हैं। वार्ड आठ के पार्षद रमाकांत पाण्डेय, वार्ड नौ के सतीश सिंह एवं वार्ड दस की पार्षद अमिता सिंह आदि का कहना है कि कोई भी नई व्यवस्था बनाए जाने से पहले निगम को सूचित करना चाहिए लेकिन ऐसा नहीं किया गया है। अभी कंपनी के कर्मचारी मुफ्त कनेक्शन देने की बात कह रहे हैं लेकिन बाद में समस्या उत्पन्न हो सकती है।

सड़कों की नहीं हो रही मरम्मत
शहर में इनदिनों पेयजल की पाइप लाइन बिछाने और सीवर के लिए सड़कें खोदी जा रही हैं। लोगों का अपने घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। बताया जा रहा है कि नगर निगम के अधिकारियों ने मौखिक रूप से यह अनुमति दी है कि पहले मोहल्लों में एक बार हर घर में कनेक्शन कर दिए जाएं ताकि बाद में सड़क मरम्मत होने के बाद ऐसी स्थिति नहीं आए कि बारबार खोदाई की जरूरत पड़े। कनेक्शन फीस की वसूली होती रहेगी।


बाद में वसूली जाएगी राशि
रीवा नगर निगम के पेयजल प्रभारी रामजी त्रिपाठी बताते हैं कि नल कनेक्शन जहां पर लोग नहीं ले रहे हैं, उनकी ओर से एक मुश्त चार हजार रुपए देने में असमर्थता जताई जा रही है। इस कारण कंपनी अभी दस्तावेज लेकर कनेक्शन दे रही है, बाद में शुल्क की वसूली की जाएगी। मुफ्त में कनेक्शन की बात केवल अफवाह है।

Published on:
25 Feb 2018 11:13 am