रीवा

‘शिव’ की सरकार में मंत्री के निर्णय भी नजरअंदाज, अधिकारी कर रहे मनमानी, जानिए क्या है मामला

जिले के अधिकारी निर्णय पर गौरफरमाने की नहीं समझ रहे जरूरत...
2 min read
Feb 21, 2018
The minister's decision in the MP government also ignored
The minister's decision in the MP government also ignored

रीवा। इंजीनियरिंग कॉलेज के शासी निकाय (बोर्ड ऑफ गर्वनेंन्स) की बैठक का निर्णय नजरअंदाज कर एक बार फिर से कॉलेज परिसर में विंध्य महोत्सव के आयोजन की तैयारी की जा रही है। इसकी खबर लगने के बाद न केवल कॉलेज प्रशासन में बल्कि छात्रों में खलबली मच गई है।

कोर्ट ने भी लगा रखी है रोक
विंध्य महोत्सव के आयोजन से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होती है। कॉलेज के मैदान में अकादमिक गतिविधियों से इतर कार्यक्रमों के आयोजन पर सुप्रीम कोर्ट व हाईकोर्ट की ओर से रोक लगाई गई है। पूर्व में इन तर्कों के साथ कॉलेज प्रशासन ने परिसर में विंध्य महोत्सव के आयोजन को लेकर आपत्ति दर्ज कराई है।

29 मई को पिछले वर्ष हुई थी बैठक
कॉलेज प्रशासन की आपत्ति पर 29 मई 2017 को आयोजित शासी निकाय की बैठक में यह निर्णय भी लिया जा चुका है कि भविष्य में विंध्य महोत्सव का आयोजन कॉलेज परिसर की बजाय दूसरे स्थान पर होगा। लेकिन इसके बावजूद जिला प्रशासन और नगर निगम ने कॉलेज परिसर में ही आयोजन की योजना बनाई है।

निर्णय के दौरान उपस्थित रहे उद्योग मंत्री
कॉलेज के शासी निकाय की बैठक के लिए निर्धारित किए गए एजेंडा में विंध्य महोत्सव के आयोजन का मुद्दा भी शामिल रहा है। बैठक में तकनीकी शिक्षा मंत्री दीपक जोशी, तत्कालीन प्रमुख सचिव तकनीकी शिक्षा कल्पना श्रीवास्तव, निदेशक डॉ. वीरेंद्र कुमार की उपस्थिति में यह निर्णय लिया गया था कि भविष्य में विंध्य महोत्सव का आयोजन कॉलेज परिसर में नहीं होगा। बैठक में इस निर्णय के दौरान उद्योग मंत्री राजेंद्र शुक्ला भी उपस्थित रहे।

विरोध करने की तैयारी में छात्र
कॉलेज परिसर में महोत्सव के आयोजन को लेकर कॉलेज प्रशासन को ही नहीं बल्कि छात्रों को भी आपत्ति है। आयोजन की भनक लगते ही छात्रों की ओर से विरोध की तैयारी की जा रही है। छात्र जल्द ही कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर महोत्सव का आयोजन कहीं और कराने की अपील करेंगे। सूत्रों की माने तो बैठक में यह बात भी चर्चा में आयी थी कि विंध्य महोत्सव का आयोजन एसएएफ ग्राउंड में किया जाएगा। यह आयोजन पांच दिनों तक होता है। अप्रैल के पहले सप्ताह में आयोजन की तैयारी है।

वर्जन-
शासी निकाय की बैठक में यह निर्णय हुआ है कि विंध्य महोत्सव का आयोजन कॉलेज परिसर में नहीं होगा। यह बिन्दु बाकायदा एजेंडा में शामिल किया गया है और निर्णय भी लिखित में है। बैठक में मंत्री सहित शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
डॉ. बीके अग्रवाल, प्राचार्य शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज रीवा।

Published on:
21 Feb 2018 01:08 pm