
Rewa Wife Catches Husband With Another Woman in Hotel: मध्यप्रदेश के रीवा में एक युवती ने अपने पति को होटल के कमरे में दूसरी लड़की के साथ पकड़ लिया। इसके बाद होटल में जमकर हंगामा हुआ, मौके पर मौजूद लोगों ने पति-पत्नी और प्रेमिका के बीच के हो रहे हंगामे के वीडियो भी बनाए हैं जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। घटना नया बस स्टैंड के सामने स्थित पंगत होटल की है। पति को रंगेहाथों होटल में पकड़ने वाली पत्नी ने बताया कि एक साल पहले 3 जुलाई 2025 को ही उन्होंने कोर्ट में लव मैरिज की थी।
देखें वीडियो-
रीवा के नया बस स्टैंड स्थित होटल पंगत में रविवार दोपहर को उस वक्त हंगामा मच गया जब एक युवती ने होटल के कमरे में अपने पति को एक दूसरी लड़की के साथ पकड़ा। पत्नी होटल पहुंची और कमरे का दरवाजा खटखटाया, दरवाजा खुलते ही दूसरी लड़की को देख पत्नी भड़क उठी और पति पर थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए। इसके बाद पत्नी पति व होटल के कमरे में मौजूद लड़की को पकड़कर अपने साथ थाने लेकर पहुंची।
पति को पकड़कर थाने लेकर पहुंची पत्नी ने बताया कि एक साल पहले 3 जुलाई 2025 को उसने सीधी के रहने वाले आकाश सिंह से हाईकोर्ट में लव मैरिज की थी। शादी के बाद जनवरी तक सब ठीक रहा लेकिन जनवरी के महीने में आकाश चुपचाप उसे बिना कुछ बताए अपने गांव चला गया और अपना मोबाइल बंद कर उससे दूरी बना दी। पत्नी को उसकी हरकतों पर संदेह हुआ तो उसने पति के बारे में जानकारी जुटाई। तब उसे पता चला कि पति आकाश गांव की जमीन बेचकर चला गया है।
पति आकाश के बारे में वो लगातार पता लगाने में जुटी हुई थी, उसने बताया कि दो दिन पहले उसके मोबाइल पर पति की फेसबुक आईडी लॉग इन हो गई। वो फेसबुक के जरिए पति को ट्रेस कर रही थी। वो रीवा में रहकर पढ़ाई करती है, रविवार दोपहर को जब वो अपने घर सीधी जा रही थी तभी पति को बाइक पर दूसरी लड़की को लेकर जाते देखा। पत्नी ने दोनों का पीछा किया और दो घंटे की मशक्कत के बाद पंगत होटल के कमरे में पति आकाश को दूसरी लड़की के साथ पकड़ा।
बताया गया है कि पति आकाश जिस युवती के साथ होटल के कमरे में पकड़ाया है वो उसे धोखा देकर कमरे में लाया था। सोशल नेटवर्किंग साइट पर उसने खुद को कुंवारा बताकर युवती को प्रेम जाल में फंसाया था। होटल के कमरे में लाकर आकाश ने उसकी मांग भी भरी थी। प्रेमिका को उसके शादीशुदा होने की जानकारी नहीं थी। प्रेमिका भी जब युवक की सच्चाई सामने आई तो उसे सुनकर हैरान रह गई। सीएसपी रीवा राजीव पाठक ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद का एक मामला थाने आया है जिसमें दोनों पक्षों से जानकारी ली जा रही है। जो भी शिकायत मिलेगी उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।