
Rohtak Viral Video:हरियाणा के रोहतक की इंद्रा कॉलोनी से एक ऐसा रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को पूरी तरह शर्मसार कर दिया है। यहां एक कलयुगी पिता ने घरेलू कलह के गुस्से में अपनी ही चार साल की मासूम बेटी पर इस कदर बर्बरता दिखाई कि देखने वालों की रूह कांप गई। गुस्से से तमतमाए इस शख्स ने न सिर्फ अपनी फूल जैसी बच्ची को बेरहमी से पीटा, बल्कि उसे हवा में उठाकर पूरी ताकत से पक्की सड़क पर पटक दिया। इस दिल दहला देने वाले हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह खौफनाक घटना इंद्रा कॉलोनी में रहने वाले जितेंद्र के घर की है। मंगलवार की रात जितेंद्र के परिवार में किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी और घरेलू विवाद चल रहा था। घर के भीतर छिड़े इस झगड़े से जितेंद्र का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। वह गुस्से में पैर पटकता हुआ घर से बाहर निकला। उस समय उसकी चार साल की मासूम बेटी अज्ञानवश घर के बाहर सड़क पर खड़ी थी। पागल हो चुके पिता ने अपनी ही औलाद पर गुस्सा निकालना शुरू कर दिया। उसने बिना कुछ सोचे-समझे बच्ची को ताबड़तोड़ कई थप्पड़ जड़ दिए। डरी-सहमी बच्ची अभी कुछ समझ भी नहीं पाई थी कि जितेंद्र ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। उसने मासूम को दोनों हाथों से हवा में ऊपर उठाया और पूरी ताकत से पक्की सड़क पर नीचे दे मारा।
सड़क पर गिरते ही बच्ची लहूलुहान होकर दर्द से तड़पने लगी। बेटी की चीख सुनकर उसकी मां तुरंत घर से बाहर भागी और उसे रोते हुए अपनी गोद में समेटा। आनन-फानन में घायल बच्ची को पीजीआई रोहतक के ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। इस भयानक अमानवीय कृत्य के कारण मासूम बच्ची के कंधे की हड्डी टूट (फ्रैक्चर) गई है और उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं।
इस खौफनाक घटना का वीडियो जैसे ही सामने आया, रोहतक पुलिस की सीआईडी (CID) टीम तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस ने आरोपी की शिनाख्त कर इंद्रा कॉलोनी स्थित उसके घर पर दबिश दी। लेकिन इस मामले में तब एक हैरान करने वाला मोड़ आया, जब पीड़ित बच्ची की मां ने पुलिस के सामने किसी भी कानूनी कार्रवाई से साफ मना कर दिया।
मां ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि यह उनका 'पर्सनल मैटर' (निजी मामला) है और वे कोई केस दर्ज नहीं कराना चाहतीं। हालांकि, पूछताछ में उसने इतना जरूर बताया कि उनका परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली का रहने वाला है और उसका पति यहां रोहतक में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। मां के इस रुख के बाद अब यह सवाल खड़ा हो गया है कि घरेलू कलह के नाम पर आखिर एक मासूम कब तक ऐसे जुल्म सहती रहेगी?