सागर

सागर में भीषण सड़क हादसे में 3 की मौत, बस और कार के बीच हुई जोरदार भिड़ंत

3 Died In Road Accident : अर्टिगा कार सीएनजी पंप से गैस भरवाकर चौराहे की तरफ आ रही थी। इसी दौरान दमोह से सागर आ रही यात्री बस से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई।
2 min read
Sep 19, 2026
3 Died In Road Accident
भीषण सड़क हादसे में कार सवार 3 लोगों की मौत (फोटो सोर्स: Patrika)

Sagar News :मध्य प्रदेश के सागर में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में यात्री बस और कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई,जबकि दो लोग घायल हुए हैं। टक्कर के बाद यात्री बस भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जाकर पलट गई। बस में सवार कुछ यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं।

घटना बहरिया थाना क्षेत्र में सीएनजी पंप के सामने की है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हरियाणा पासिंग अर्टिगा कार सीएनजी पंप से गैस भरवाने के बाद चौराहे की तरफ आ रही थी। इसी दौरान दमोह की तरफ से सागर आ रही सूत्र सेवा कंपनी की यात्री बस से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्टिगा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बस सड़क किनारे खंती में जाकर पलट गई।

घायलों को उपचार के लिए पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो घायलों सहित बस में घायल हुए यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

हरियाणा के रहने वाले हैं मृतक

घटना के बाद पुलिस ने मृतकों की पहचान शिवम मखीजा, गोलू उर्फ शुभम और विकास उर्फ विक्की मखीजा, निवासी जिला भिवानी, हरियाणा के रूप में की है। हादसे की सूचना मिलते ही सागर एसपी अनुराग सुजानिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की स्थिति का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। हादसा किस वजह से हुआ और दोनों वाहनों की गति कितनी थी, इसकी जांच की जा रही है।

Updated on:
19 Sept 2026 03:36 pm
Published on:
19 Sept 2026 01:37 pm