
Sagar Ghoda Pachhad Snake Rescue: मध्यप्रदेश के सागर में करीला स्थित जैन मंदिर परिसर में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब मंदिर के कार्यालय में कंप्यूटर के कीबोर्ड पर एक लंबा सांप बैठा दिखाई दिया। सांप को देखते ही कार्यालय में मौजूद स्टाफ में हड़कंप मच गया और दफ्तर में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान किसी ने स्नेक कैचर को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे स्नेक कैचर ने दफ्तर के अंदर फाइलों के पीछे सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
घटना शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे की है, मंदिर का एक कर्मचारी ऑफिस में जरूरी फाइल लेने पहुंचा था। जैसे ही उसने कंप्यूटर टेबल की ओर देखा तो कीबोर्ड पर सांप बैठा हुआ नजर आया। अचानक सांप दिखाई देने से कर्मचारी घबरा गया और उसके रोंगटे खड़े हो गए। वो तुरंत ऑफिस से बाहर आया और ऑफिस में मौजूद दूसरे कर्मचारियों को सांप के बारे में बताया। ऑफिस में सांप होने का पता चलते ही कुछ ही देर में पूरे परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई।
दफ्तर के स्टाफ ने ऑफिस में सांप होने की सूचना स्नेक कैचर बबलू पवार को दी। कुछ देर बाद स्नेक कैचर बबलू पवार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्नेक कैचर के पहुंचने तक सांप दफ्तर में रखी फाइलों के पीछे जाकर छिप गया था, जिसे ढूंढकर स्नेक कैचर ने सुरक्षित रेस्क्यू किया और डिब्बे में बंद किया। सांप के पकड़े जाने के बाद दफ्तर के स्टाफ ने राहत की सांस ली।
बबलू पवार ने बताया कि पकड़ा गया सांप करीब 8 फीट लंबा घोड़ा पछाड़ प्रजाति का है। यह सांप जहरीला नहीं होता, लेकिन आकार बड़ा होने के कारण लोग इसे देखकर डर जाते हैं। उन्होंने बताया कि यह प्रजाति मुख्य रूप से चूहे और अन्य छोटे जीवों का शिकार करती है, इसलिए भोजन की तलाश में कई बार रिहायशी इलाकों और भवनों में पहुंच जाती है। रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ने के लिए ले जाया गया।
सर्प विशेषज्ञ ने लोगों से अपील की है कि घरों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखें, ताकि चूहे कम हों और सांप रिहायशी इलाकों की ओर आकर्षित न हों। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कहीं सांप दिखाई दे तो घबराने या उसे मारने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत सर्प विशेषज्ञ या वन विभाग को सूचना दें।