
सागर. राजीव नगर कॉलोनी निवासी १९ वर्षीय अभिषेक चौबे ने फिर सागर का नाम देश-दुनिया में रोशन किया है। अभिषेक ने चीन के फेंग यिक्सी का रिकॉर्ड तोड़कर शोल्डर ब्लेड्स (ककई) से २१ सेकंड तक ५५.४४ किलोग्राम का वजन उठाकर गिनीज वल्र्ड रिकॉर्ड बनाया है। अभिषेक अब नई प्लानिंग में जुट गया है। उसका कहना है कि वह खुद के रिकॉर्ड ही तोडऩे का प्रयास करेगा। इसके साथ शोल्डर ब्लेड्स की जो अन्य विधाएं हैं, उनमें नया रिकार्ड बनाने का प्रयास करेगा ।
एक साल में अपने नाम किया दूसरा रिकॉर्ड
अभिषेक प्रदर्शन का कितना जुनून रखता है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उसने १ साल में दूसरी विधा में वल्र्ड रिकॉर्ड हासिल किया है। उसने शोल्डर ब्लेड्स से पहला वल्र्ड रिकॉर्ड ४ सितंबर १६ को कार खींचकर बनाया था। दूसरा रिकॉर्ड २५ अगस्त १७ को वजन उठा बनाया ।
केंद्रीय विवि में हुआ था आयोजन
अ भिषेक ने बीते दिनों गिनीज वल्र्ड रिकॉर्ड की टीम के सामने डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विवि परिसर में प्रदर्शन किया था। गौर यूथ फोरम के राष्ट्रीय अध्यक्ष व स्थानीय इवेंट को-ऑर्डीनेटर डॉ. विवेक तिवारी ने बताया कि अभिषेक जुनूनी है। एक साल से कम समय में लगातार अभ्यास करके उसने दूसरा रिकार्ड बनाया है और अब तीसरे रिकॉर्ड के लिए जल्द ही प्रयास करेगा। इवेंट टीम के सेफ्टी एक्सपर्ट डॉ. एचएस आदिल, मेडिकल एक्सपर्ट डॉ. दिवाकर मिश्रा, डॉ. प्रदीप तिवारी, अभिषेक के पिता अवधेश चौबे, कर्मचारी संघ अध्यक्ष संदीप वाल्मीकी समेत अन्य शामिल रहे ।
चीन का युवक ८ सेकंड तक ही वजन उठा पाया था
चीन के फेंग यिक्सी ने साल २०१२ में ५१.४ किलो वजन ८ सेकंड तक ही उठाया था । अभिषेक इसके पहले ४ सितंबर २०१६ को शोल्डर ब्लेड्स से ही १०७० किलो वजनी कार २७ मीटर तक खींचकर पहला गिनीज वल्र्ड रिकार्ड्स बनाया था।