
Bina District Demand:बीना को जिला बनाने की मांग केवल एक राजनीतिक घोषणा नहीं, बल्कि करीब छह दशक पुराना मुद्दा है। मध्यप्रदेश में नए जिले बनाने की बात जब भी उठती है तो बीना की चर्चा जरूर होती है। ताजा बयान एमपी के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का भी आया है, जिसमें उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि मध्यप्रदेश में अगला नया जिला बनेगा तो वह बीना ही होगा। मंत्री के बयान के बाद बीना के लोगों की पुरानी मांग को एक बार फिर हवा मिल गई। दिलचस्प बात यह है कि इस मांग को कभी चार मुख्यमंत्री अपनी सहमति दे चुके हैं। बीना को लेकर विधानसभा में प्रस्ताव भी आया और आंदोलन भी हुआ था। लेकिन, बीना को जिला बनाने की फाइल रुक हुई है। सवाल यह है कि क्या इस बार बीना को घोषणा से आगे ले जाकर जिला बना दिया जाएगा?
1967 से उठ रही मांग, 1984 से शुरू हुए आंदोलन
दरअसल बीना को जिला बनाने की मांग 1967 से चल आ रही है। इसके बाद 1984 बीच-बीच में भी धरना, प्रदर्शन शुरू हुए थे। जिला बनाने की मांग को लेकर पिछले 42 साल 8 से 10 बड़े आंदोलन भी किए गए है। यहीं नहीं, मार्च 1984 में विधानसभा में बीना को नए जिला बनने को लेकर प्रस्ताव लाया गया था लेकिन किसी कारण उसपर आगे काम नहीं हो पाया। इस मांग को लेकर साल 2017 में भी बीना जिला बनाओ समिति के सदस्यों ने 50 दिन तक क्रमिक अनशन किया था।
क्यों उठती रही है बीना को जिला बनाने की मांग
बीना जिला बनाओ समिति के अनुसार, यहां की भौगोलिक स्थिति अनुकूल है और पर्याप्त संसाधन भी हैं। दो रेलवे जंक्शन, बीपीसीएल रिफाइनरी, जेपी थर्मल पावर प्लांट, पावर ग्रिड, टेस्टिंग लैब वर्तमान में स्थापित हैं और 49000 करोड़ की लागत से बनने वाले पेट्रोकेमिकल प्लांट के कार्य की शुरुआत हो चुकी है। आने वाले समय में बीना औद्योगिक नगरी के रूप में विकसित होने वाला है, जिससे जिला बनना आवश्यक है।
दो जिलों की 7 तहसीलों को जोड़कर जिला बनाने की मांग
समिति के सदस्यों और मांग के समर्थकों ने 7 तहसीलों को जोड़कर बीना को जिला बनाने की मांग की है। इसमें सागर जिले से बीना, खुरई, मालथौन और बांदरी और विदिशा जिले से कुरवाई और पठारी के नाम शामिल है। इसके अलावा सागर के खिमलासा क्षेत्र को नई तहसील बनाकर जोड़ने का प्रस्ताव है।
चार मुख्यमंत्री कर चुके है घोषणा
बता दें कि, बीना को डिस्ट्रिक्ट बनाने को लेकर पिछले चार देशों में प्रदेश के चार मुख्यमंत्रियों ने घोषणाएं की है। विधायक निर्मला सप्रे द्वारा साल 2024 में विधानसभा में दिए एक बयान के अनुसार,सुंदरलाल पटवा, उमा भारती, बाबूलाल गौर और शिवराज सिंह चौहान ने जिला बनाने को लेकर अपनी सहमति दी है और मंच से ऐलान भी किया। इसके बाद निर्मला सप्रे ने सीएम मोहन यादव के समक्ष भी साल 2024 में एक कार्यक्रम के दौरान बीना को जिला बनाने की मांग रखी थी। हालांकि, राज्य प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग इन सीमाओं और स्थानीय सुझावों की समीक्षा कर रहा है, जिस पर अंतिम निर्णय रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद लिया जाएगा।